धनबाद: बेटियों को गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में एक अहम पहल की गई है. ह्यूमन पैपिलोमा वायरस यानी एचपीवी से बचाव के लिए धनबाद में विशेष टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो गई है. सोमवार को उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने सदर अस्पताल के नवनिर्मित एमएनसीयू में इस अभियान का उद्घाटन किया.
संक्रमण से बचाव है एचपीवी टीकाकरण
इस मौके पर उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन एक प्रभावी कैंसर-रोधी टीका है, जो संक्रमण से पहले ही शरीर को सुरक्षा प्रदान करता है और भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करता है.
मुफ्त है टीकाकरण: डॉ. आलोक विश्वकर्मा
सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले की 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की करीब 31 हजार किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. यह टीकाकरण पूरी तरह मुफ्त होगा और 29 जून तक सदर अस्पताल समेत जिले के सभी 8 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध रहेगा.
बचाव का सबसे कारगर तरीका
इसके साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बेटियों को समय पर यह टीका जरूर दिलवाएं. उन्होंने बताया कि एचपीवी वायरस सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है और यह वैक्सीन इस खतरनाक बीमारी से बचाव का सबसे कारगर तरीका है.
टीकाकरण के लिए पहले यू-विन पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना जरूरी होगा, जिसके बाद निर्धारित केंद्रों पर जाकर टीका लगवाया जा सकता है. इस दौरान डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ. संजीव कुमार प्रसाद, डॉ. रोहित गौतम, डीपीएम प्रतिमा कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे. यह अभियान बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है.


