
धनबादः जिले के बरटांड़ स्थित अवर प्रादेशिक नियोजनालय परिसर में बुधवार को दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का आयोजन किया गया.मेले में कुल 19 कंपनियों ने भाग लिया. एक हजार 26 पदों पर बहाली के लिए 1450 से अधिक युवा मेले में पहुंचे. जिसमें 126 आवेदकों को अलग-अलग कंपनियों के द्वारा ऑफर लेटर दिया गया. वहीं 252 आवेदकों को शॉट लिस्टेड किया गया है.
रोजगार मेले में जॉब की तलाश में पहुंची झरिया की 12वीं पास छात्रा खुशी कुमारी ने बताया कि उन्होंने सेल्स एग्जक्यूटिव पद के लिए आवेदन किया है. वहीं इंटर पास छात्रा तन्नू कुमारी ने भी कई पदों के लिए आवेदन किया है. उन्होंने इस तरह के रोजगार मेला को सरकार का एक बेहतर प्रयास बताया.
19 कंपनियां मेला में शामिल हुई
इस संबंध में जिला नियोजन पदाधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि रोजगार मेला में कुल 19 कंपनियां आई थी. जिसमें से 12 से 13 कंपनियां लोकल हैं, जो अभ्यर्थियों को स्थानीय स्तर पर ही जॉब ऑफर करेंगी. वहीं 7 से 8 कंपनी नोएडा, गुड़गांव आदि जगहों से पहुंची हैं. नियोजकों को भी निर्देशित किया गया है कि आवेदकों को वेतन, कार्य आदि पूरी जानकारी जॉब देने से पूर्व जरूर उपलब्ध कराएं.
126 अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर
उन्होंने बताया कि जिन 126 युवाओं को ऑफर लेटर दिया गया है उन्हें लोकल स्तर पर रोजगार दिया गया है. उन्होंने कहा कि मेले में खास बात यह भी रही कि 13 दिव्यांग अभ्यर्थी भी रोजगार के लिए पहुंचे थे. जिनमें से एक को ऑफर लेटर दिया गया है.
09 हजार से 35 हजार रुपये तक सैलरी
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं का भविष्य संवारने की दिशा में लगातार रोजगार मेला का आयोजन कर रही है. रोजगार मेला से युवा वर्ग काफी ज्यादा लाभान्वित हो रहे हैं. रोजगार मेला में 09 हजार महीने से लेकर 35 हजार रुपये महीने तक की नौकरी है.


