Thursday, April 2, 2026

धनबाद में भू धंसान की घटना के बाद बीसीसीएल और जिला प्रशासन ने विस्थापन की कवायद शुरू कर दी है.

Share

धनबाद: जिले के भू-धंसान डेंजर जोन में रहने वाले लोगों की जिंदगी लगातार खतरे में बनी हुई है. टांडाबस्ती में भू-धंसान में तीन लोगों की दर्दनाक मौत के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है. वहीं बीसीसीएल और प्रशासन के खिलाफ लोगों में आक्रोश है.

विस्थापन की प्रक्रिया शुरू

हादसे के बाद भारत कोकिंग कोल लिमिटेड यानी बीसीसीएल और जिला प्रशासन हरकत में आ गया है. प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर बसाने का आश्वासन दिया गया है. इसके तहत स्थानीय लोगों से आधार कार्ड जमा करवाए जा रहे हैं और विस्थापन के लिए सूची तैयार की जा रही है. लोग भी डर के साये में अपने दस्तावेज अधिकारियों के पास जमा कर रहे हैं, ताकि उन्हें जल्द सुरक्षित आवास मिल सके.

भय के साये में लोग

ग्रामीणों का कहना है कि वे कई पीढ़ियों से इस इलाके में रह रहे हैं, लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है. कई घरों में दरारें आ चुकी हैं और लोगों को हर वक्त बड़े हादसे का डर सता रहा है. कुछ परिवारों को एहतियातन घर खाली करवा दिया गया है और वे अपना सामान लेकर सड़कों पर आ गए हैं.

घटनास्थल के पास बनाए गए राहत शिविर

घटनास्थल के पास ही राहत शिविर बनाए गए हैं, जहां प्रभावित परिवारों को अस्थायी रूप से ठहराया गया है. हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में अक्सर भू-धंसान की घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन हर बार हादसे के बाद ही बीसीसीएल और प्रशासन सक्रिय होता है. मामला शांत होते ही विस्थापन की प्रक्रिया धीमी पड़ जाती है. लोगों की मांग है कि उन्हें स्थायी रूप से सुरक्षित स्थान पर पुनर्वासित किया जाए और उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे भयमुक्त जीवन जी सकें.

Read more

Local News