धनबादः बॉलीवुड फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ शीर्षक को लेकर देश के साथ साथ धनबाद में भी विरोध तेज हो गया है. भाजपा नेता मुकेश पांडेय ने सोमवार को अपने समर्थकों के साथ धनबाद थाना पहुंचकर फिल्म के खिलाफ लिखित आवेदन सौंपा और कानूनी कार्रवाई की मांग की.
मुकेश पांडेय का कहना है कि फिल्म का नाम एक विशेष समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है. उन्होंने आरोप लगाया कि शीर्षक के माध्यम से ब्राह्मण समाज की छवि खराब करने की कोशिश की गई है. उनके अनुसार, इस तरह के नाम से पूरे समुदाय को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है.
भाजपा नेता ने कहा कि फिल्म के निर्माता और निर्देशक को इस तरह की विषयवस्तु और शीर्षक से बचना चाहिए था. उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कानूनी कदम उठाए जाएं. जिससे भविष्य में ऐसे विवादित शीर्षकों पर नियंत्रण के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश बनाए जाएं.
मुकेश पांडेय ने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक फिल्म के नाम और कथानक को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तब तक इसकी रिलीज पर रोक लगाने पर विचार किया जाना चाहिए. उन्होंने संकेत दिया कि अगर जिला प्रशासन ने संज्ञान नहीं लिया तो समाज के लोग लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराएंगे. इधर धनबाद थाना पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आवेदन की जांच की जा रही है और कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी.


