Wednesday, March 11, 2026

धनबाद में बच्चा चोर की अफवाह में एक युवक को पकड़कर लोगों ने पेड़ से बांध दिया.

Share

धनबाद: जिले के सरायढेला थाना क्षेत्र में बच्चा चोर के संदेह में एक युवक को पकड़कर लोगों ने पेड़ से बांध दिया. हालांकि समय रहते कुछ प्रबुद्ध लोगों की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता से युवक के साथ किसी तरह की मारपीट नहीं होने दी गई. जांच में पता चला कि युवक मानसिक विक्षिप्त है और बिहार के गया जिले का निवासी है.

युवक को पकड़ कर लोगों ने पेड़ से बांधा

घटना सरायढेला थाना क्षेत्र के कुसुम बिहार स्थित पिपरा बेड़ा की है. स्थानीय लोगों को इलाके में एक संदिग्ध युवक घूमता हुआ नजर आया. बच्चा चोर के संदेह में कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और गमछा के सहारे एक पेड़ से बांध दिया. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

पुलिस ने युवक को कराया मुक्त

इसी बीच स्थानीय प्रबुद्ध लोगों ने स्थिति को संभाला और लोगों को समझाते हुए युवक के साथ मारपीट नहीं होने दी. घटना की सूचना मिलने पर सरायढेला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर अपने साथ थाना ले गई.

युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं

इस संबंध में सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई. पूछताछ में पता चला कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. जांच के दौरान उसकी पहचान बिहार के गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र निवासी के रूप में हुई.

थाना प्रभारी ने बताया कि युवक के परिजनों द्वारा तीन दिन पहले फतेहपुर थाना में उसकी गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया गया था. धनबाद पुलिस ने इस संबंध में गया पुलिस से संपर्क कर परिजनों को सूचना दे दी है. परिजनों के आने के बाद युवक को उन्हें सौंप दिया जाएगा.

लोगों से अफवाहों से बचने की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को देखकर अफवाह के आधार पर कानून अपने हाथ में न लें, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अनहोनी न हो

Read more

Local News