Wednesday, February 11, 2026

धनबाद में एसएससी एमटीएस की परीक्षा रद्द होने से अभ्यर्थियों ने नाराजगी जताई.

Share

धनबाद: जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित कौआबांध के एलेक्सा आईटी सोल्यूशन केंद्र पर बुधवार को आयोजित एसएससी एमटीएस की तीनों पालियों की परीक्षा अचानक रद्द कर दी गई. इसके पीछे की वजह सर्वर में तकनीकी खराबी बताई जा रही है.

वहीं परीक्षा रद्द होने की सूचना मिलने के बाद परीक्षा केंद्र पर मौजूद अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ गई. कई अभ्यर्थियों ने इस बात का विरोध जताया. झारखंड समेत बिहार के अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होने के लिए धनबाद पहुंचे थे.

झारखंड और बिहार के विभिन्न जिलों से परीक्षा में शामिल होने धनबाद पहुंचे अभ्यर्थियों ने बताया कि बिना पूर्व सूचना परीक्षा रद्द कर दिए जाने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. दूर-दराज से आए अभ्यर्थियों ने कहा कि उन्होंने यात्रा और रहने पर खर्च किया, लेकिन परीक्षा नहीं हुई. ऐसे में उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हुआ.

अभ्यर्थियों ने उठाए गंभीर सवाल

वहीं कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा संचालन कर रही एजेंसी एडुक्विटी कंपनी पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इससे पहले भी अन्य परीक्षाओं में अलग-अलग केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ियां सामने आ चुकी हैं. अभ्यर्थियों का कहना है कि जब टीसीएस कंपनी परीक्षा आयोजित करती थी, तब इस तरह की सर्वर समस्या कम देखने को मिलती थी. अभ्यर्थियों का कहना है कि एजेंसी बदलने के बाद से तकनीकी दिक्कतें बढ़ गई हैं

वहीं स्थिति को देखते हुए गोविंदपुर और बरवाअड्डा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और परीक्षा रद्द किए जाने से नाराज छात्रों को शांत कराने का प्रयास किया.

सर्वर में गड़बड़ी के कारण परीक्षा रद्दः ऑब्जर्वर

इस संबंध में परीक्षा ऑब्जर्वर रणजीत सिंह ने बताया कि एसएससी एमटीएस की परीक्षा 4 फरवरी से चल रही है. बुधवार को सर्वर में गड़बड़ी के कारण तीनों पालियों की परीक्षा रद्द करनी पड़ी. उन्होंने कहा कि नई परीक्षा तिथि एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जल्द जारी की जाएगी.

Read more

Local News