धनबाद: सोमवार को लुबी सर्कुलर रोड स्थित धनबाद नगर निगम कार्यालय में नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह और डिप्टी मेयर अरुण चौहान ने विधिवत रूप से अपने-अपने पद का कार्यभार संभाल लिया. इस मौके पर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और समर्थक भी मौजूद रहे. पदभार ग्रहण करते ही दोनों जनप्रतिनिधियों ने शहर के समग्र विकास और आम जनता की समस्याओं के समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया.
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि धनबाद शहर इस समय प्रदूषण और जल संकट जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है. इन चुनौतियों से निपटने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी. इसके लिए अधिकारियों के साथ-साथ आम नागरिकों की राय भी ली जाएगी, ताकि योजनाएं धरातल पर बेहतर तरीके से लागू हो सके.
मेयर संजीव सिंह ने 8-लेन सड़क में बार-बार बन रहे गड्ढों और निर्माण कार्यों की खामियों पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर जल्द समाधान निकाला जाएगा. साथ ही शहर की छोटी-बड़ी हर समस्या पर नजर रखते हुए त्वरित कार्रवाई की जाएगी.
वहीं डिप्टी मेयर अरुण चौहान ने पदभार संभालने पर खुशी जताते हुए इसे सम्मान और जिम्मेदारी दोनों बताया. उन्होंने कहा कि वे सभी वर्गों को साथ लेकर चलेंगे और टीमवर्क के जरिए शहर के विकास को गति देंगे. नई नेतृत्व टीम से शहरवासियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में धनबाद की बुनियादी समस्याओं का समाधान होगा और विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी.


