धरना के चौथे दिन शुक्रवार को झरिया विधायक रागिनी सिंह व पूर्व विधायक संजीव सिंह मौके पर पहुंचे और एजेंसी के अधिकारियों के साथ वार्ता की, जिसमें सफाई कर्मियों की मांगों पर सहमति बनी. यही नहीं मृत कर्मियों के आश्रितों को शीघ्र नियोजन देने का आश्वासन भी प्रबंधन की ओर से दिया गया. इसके बाद सफाई कर्मियों ने धरना समाप्त कर दिया. विधायक रागिनी सिंह व पूर्व विधायक संजीव सिंह ने कहा कि नगर निगम प्रशासन मजदूरों के हितों के प्रति गंभीर नहीं है, जिससे मजदूरों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा. गौरतलब है कि ओवरटाइम भुगतान, दो सफाई कर्मियों की मौत के बाद उनके आश्रितों को नियोजन देने सहित अन्य मांगों को लेकर सफाई कर्मी पिछले चार दिनों से नगर निगम कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठे थे.