घरेलू विवाद हत्या का मुख्य कारण है. तीन आरोपी को गिरफ्तार किया गया.
गाजियाबाद: 10 जून को गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में शिव वाटिका के पास सूटकेस में महिला का शव बरामद हुआ था. 48 घंटे में पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. देवर और ससुर ने मिलकर महिला की हत्या की थी. बाद में शव को ठिकाने लगाने के लिए सूटकेस में बॉडी पैक कर बिहटा नहर की पटरी पर फेंक दिया था.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने परिवार साथ दिल्ली के करावल नगर थाना क्षेत्र के अंबिका विहार में रहता है. 7 जून की रात आरोपी की बहन और भाभी का घर में झगड़ा हुआ था. 9 जून को शाम करीब 4 बजे डेढ़ साल की भतीजी को भी महिला ने पिटा था. इसके बाद आरोपी का भाभी से झगड़ा हो गया और उसने उसकी गर्दन पड़कर बेड पर पटक दिया. महिला जब बेड पर गिरी तो आरोपी ने दोनों हाथों से उसकी गर्दन चुन्नी से दबा दी. इस दौरान आरोपी के पिता मृतका के पैर पकड़े हुए थे.
लाश को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी ने अपने छोटे भाई को घर बुलाया. इसके बाद शव को सूटकेस में रखा. फिर सूटकेस को बेडशीट में लपेटा और चुन्नी से बांध दिया. आरोपियों ने रात होने का इंतजार किया. देर रात करीब 2:30 बजे के आसपास महिला का शव सूटकेस के अंदर रखकर आरोपी के पिता और छोटा भाई मोटरसाइकिल पर रख कर ले गए. पिता और छोटा भाई शव को दूर फेंकने की तैयारी कर चुके थे, लेकिन इसी बीच बिहटा नहर की पटरी पर जाते समय बिजली के खंभे से मोटरसाइकिल टकरा गई और बैग गिर गया, जिसके बाद पुलिस के डर से सूटकेस को वहीं छोड़ भाग आए.
“घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया था. सीसीटीवी और सर्विलांस के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची. मृतका के ससुराल वालों द्वारा हत्या की गई थी. परिवार मूल रूप से दिल्ली के करावल नगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है. देवर और ससुर द्वारा घटना को अंजाम दिया गया था. सबको ठिकाने लगाने में आरोपी के भाई ने मदद की थी. घरेलू विवाद हत्या का मुख्य कारण है. तीन आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. अन्य परिवार वालों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.”– एसएन तिवारी, डीसीपी देहात
बता दें कि आरोपी ने भाभी की हत्या की बात अपनी मां और भाई से छुपाया. भाई ने जब पूछा की भाभी कहां है तो उसे यह कहकर टाल दिया कि वह झगड़ा करके अपने मायके चली गई है. उन्हें हम मना कर वापस ले आएंगे.


