देवघर: बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल सोमवार को देवघर पहुंचे. यहां उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ बाबा धाम में भोलेनाथ की पूजा कर बिहार के बेहतर भविष्य की कामना की.
मंत्री ने कहा कि प्रशांत किशोर ने जिन-जिन पर आरोप लगाया था उन्हें एक बेहतर मंत्रालय मिला है. इससे यह प्रतीत होता है कि प्रशांत किशोर का आरोप निराधार था और उनके आरोपों का कोई मतलब नहीं था.
वहीं उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि तेजस्वी यादव कहीं से भी बड़े नेता नहीं हैं. उनकी पहचान सिर्फ लाल यादव के बेटे होने के नाते है. वह कहीं से भी अपने बल पर कोई चुनाव नहीं लड़ पाए हैं.
उन्होंने कहा कि झारखंड और बिहार में भारतीय जनता पार्टी के प्रति कार्यकर्ताओं की असीम निष्ठा है. जिस वजह से भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत बिहार में देखने को मिली. उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से बिहार में जीत प्राप्त हुई है वह बताता है कि महागठबंधन पर आम लोगों का विश्वास पूरी तरह से खत्म हो चुका है. इसीलिए बिहार की जनता ने एनडीए पर विश्वास कर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई.
बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने बताया कि आने वाले समय में बिहार में भारतीय जनता पार्टी के प्रति लोगों का विश्वास और भी बढ़ेगा. पूरे बिहार में भारतीय जनता पार्टी के प्रति एक अलग विश्वास से जनता का बनेगा. आने वाले समय में बिहार के साथ-साथ वैसे राज्यों में भी भाजपा की सरकार बनेगी जहां पर विपक्ष के साथ बड़ी पार्टी परेशान है.
यह बयान कहीं ना कहीं भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेता के रूप में पहचाने जाने वाले दिलीप जायसवाल का बयान यह प्रतीत करता है कि आने वाले समय में झारखंड में भी कहीं ना कहीं एनडीए गठबंधन की सरकार बनने की उम्मीद देखी जा रही है.
बता दें कि बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर प्रशांत किशोर सहित अन्य कई पार्टियों ने अनेकों आरोप लगाए थे लेकिन जीत के बाद बिहार के सभी पार्टियों के द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी का भविष्य उज्जवल है और बिहार ने उसका प्रमाण दे दिया है.


