Friday, March 20, 2026

दुमका में व्यवसायी को बंधक बनाकर अपराधियों ने 2 लाख नकद और लाखों का जेवर लूट कर फरार हो गए हैं.

Share

दुमका: गोपीकांदर थाना क्षेत्र के अरीचुआं गांव में एक व्यवसायी के घर डेढ़ लाख नकद रुपये सहित करीब पांच लाख की डकैती की घटना सामने आई है. पांच नकाबपोश अपराधियों ने दो पिस्टल और एक चाकू की नोंक पर वारदात को अंजाम दिया है. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है.

  • बीती रात नयन राय नाम के एक व्यवसायी के घर में डकैती का मामला सामने आया है. नयन राय घर में ही एक छोटा सा होटल और किराना दुकान चलाते हैं. घटना को लेकर मंगलवार की शाम उन्होंने थाने में लिखित आवेदन दी है. घटना के संबंध में नयन राय ने बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से घर पर होटल और एक किराना दुकान चलाते हैं. बीती रात घर के बगल में स्थित एक स्टोन क्रशर के दो स्टाफ मेरे होटल में खाना खाकर बैठे हुए थे. इसी बीच दो बाइक पर पांच लोग पहुंचे और सिगरेट मांगा. पांच लोगों में चार नकाबपोश थे. जबकि एक का चेहरा खुला हुआ था.
  • दुकानदार ने बताया कि सिगरेट लेने के बाद वे घर में मौजूद पत्नी मीना देवी, बेटा कालेश्वर राय, मुझे और बाकी दोनों क्रशर स्टाफ को एक कमरे में बंद करने का प्रयास करने लगे. उन्होंने कहा विरोध करने पर एक अपराधी ने पिस्टल निकाल कर हवाई फायरिंग कर दी और दूसरे ने भी पिस्टल निकाल लिया. इसके साथ ही तीसरे ने चाकू निकाल कर वार करने का प्रयास किया. जिसके बाद हम सभी को एक कमरे में बंद कर होटल और दुकान का सामान लूटपाट कर लिया.
  • नयन राय ने कहा कि बंदूक दिखाकर पत्नी मीना को कमरे से बाहर निकाल कर अलमीरा खुलवाया और उसमें रखे करीब दो लाख रुपये, 60 भरी (तोला) चांदी और दो भरी सोना, एक अंगूठी लूट लिया. साथ ही अपराधी तीन मोबाइल भी लेकर चले गए. उन्होंने बताया कि बेटी की शादी के लिये जेवरात और रुपये इकट्ठे किये थे. उन्होंने बताया कि अपराधी होटल और दुकान में रखे सामान के अलावे एक जार में रखा 10 लीटर पेट्रोल भी ले गए.

इधर, रात में ही घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोकेशन के आधार पर घर के बाहर से दो मोबाइल को रात में ही बरामद किया गया. जबकि सुबह तीसरा मोबाइल भी स्टोन क्रशर के पास बरामद किया गया है. इस बाबत नयन ने आज थाने में मामला दर्ज कराया है.

इस पूरे मामले में गोपीकांदर थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत ने बताया कि नयन राय के घर के आसपास का इलाका सुनसान है. वहां एकमात्र उन्हीं का घर है. जहां बीती रात अपराधियों ने धावा बोला. थाना प्रभारी ने कहा कि प्रथम दृष्टि में ऐसा प्रतीत होता है कि आसपास के लोगों का इसमें हाथ है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Read more

Local News