Saturday, April 4, 2026

 दुमका में दुर्घटना के बाद 4 ट्रेनें रद्द, वंदे भारत समेत इन ट्रेनों को किया गया डायवर्ट

Share

पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट से झारखंड के जसीडीह के लिए चली रामपुरहाट-जसीडीह मेमू ट्रेन गुरुवार को दुमका स्टेशन पर दुर्घटाग्रस्त हो गयी. इसकी वजह से कम से कम 4 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है. वंदे भारत समेत 3 ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया. दुर्घटना में क्या नुकसान हुआ है, किन-किन ट्रेनों को रद्द किया गया है और किन ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है, उसकी डिटेल यहां पढ़े

झारखंड के दुमका जिले में हुई ट्रेन दुर्घटना के बाद 4 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है. 6 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया गया है. वंदे भारत समेत 3 ट्रेनों के रूट डायवर्ट कर दिये गये हैं. पूर्व रेलवे ने गुरुवार को यह जानकारी दी. पूर्व रेलवे के मुख्य जन संपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) ने बताया है कि 63082 जसीडीह-रामपुरहाट मेमू ट्रेन समेत 4 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है.

दुमका स्टेशन पर रामपुर-जसीडीह मेमू के 2 डिब्बे बेपटरी

पूर्व रेलवे के सीपीआरओ ने कहा है कि 27 नवंबर 2025 दोपहर 2:10 बजे दुमका स्टेशन में घुसते समय 63081 रामपुरहाट-जसीडीह मेमू पैसेंजर के 2 डिब्बे पटरी से उतर गये. इस घटना में किसी को चोट नहीं आयी. कहा कि सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है. बिना किसी देरी के सभी को उनके गंतव्य तक पहुंचा दिया गया है. मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया. हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिये गये हैं.

रद्द की गयी ट्रेनों की लिस्ट

  • 63082 जसीडीह-रामपुरहाट मेमू (27 नवंबर 2025)
  • 73483 दुमका-जसीडीह डेमू (27 नवंबर 2025)
  • 73494 गोड्डा-दुमका डेमू (27 नवंबर 2025)
  • 73493 दुमका-गोड्डा डेमू (28 नवंबर 2025)

हेल्पलाइन नंबर

  • आसनसोल – 9641923891
  • मधुपुर – 9332062170
  • दुमका – 07277049594

आंशिक समापन/आंशिक प्रारंभ (Short Termination of Trains)

  • 13333 दुमका-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन (27.11.2025) हंसडीहा से यात्रा शुरू करेगी.
  • 13334 पटना-दुमका इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन (27.11.2025 को होने वाली यात्रा) हंसडीहा तक ही चलेगी.
  • 63141 सियालदह-गोड्डा मेमू ट्रेन 28.11.2025 को रामपुरहाट तक ही चलेगी.
  • 63142 गोड्डा-सियालदह मेमू (27.11.2025 को होने वाली यात्रा) को रामपुरहाट तक ही चलाया जायेगा.
  • 73492 गोड्डा-दुमका मेमू ट्रेन (27.11.2025 को होने वाली यात्रा) हंसडीहा तक ही चलेगी.
  • 73483 दुमका-जसीडीह डीईएमयू ट्रेन (27.11.2025 को होने वाली यात्रा) हंसडीहा से शुरू होगी और मोहनपुर-जसीडीह के रास्ते बदले रूट से चलेगी.

इन ट्रेनों के रूट बदले

  • 22310 जमालपुर-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (27.11.2025 को होने वाली यात्रा) को भागलपुर-बड़हरवा-गुमानी-पाकुड़-रामपुरहाट के रास्ते से चलाया जायेगा.
  • 13015 हावड़ा-जमालपुर कविगुरु एक्सप्रेस ट्रेन (27.11.2025 को होने वाली यात्रा) पाकुड़-गुमानी-बड़हरवा-भागलपुर के रास्ते चलेगी.
  • 18620 गोड्डा-रांची एक्सप्रेस ट्रेन (27.11.2025 को होने वाली यात्रा) को मोहनपुर के रास्ते चलाया जायेगा.

रामपुरहाट से 12:50 बजे चली थी ट्रेन

पूर्व रेलवे के दुमका स्टेशन के पास दुर्घटाग्रस्त हुई ट्रेन पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट से दोपहर 12:50 बजे खुली थी. इसे झारखंड में जसीडीह स्टेशन पहुंचना था. इससे पहले ही दुमका स्टेशन पर उसके 2 डिब्बे पटरी से उतर गये. कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन एक बिजली का पोल क्षतिग्रस्त हो गया.

दुर्घटना के बाद ट्रेन को खाली करा लिया गया

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) वेद प्रकाश ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रेन को खाली करा लिया गया. अधिकतर यात्री सड़क मार्ग से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गये. दुमका के एसडीएम कौशल कुमार ने कहा कि 2-3 यात्रियों को मामूली चोटें आयीं थीं. सभी को अस्पताल भेज दिया गया.

Table of contents [hide]

Read more

Local News