दुमका: नगर परिषद दुमका के उपाध्यक्ष पद पर मनोज सिंह ने जीत दर्ज की है जबकि बासुकीनाथ नगर पंचायत में उपाध्यक्ष पद पर रोहित राउत निर्वाचित हुए हैं.
मनोज सिंह और रोहित राउत हुए निर्वाचित
समाहरणालय परिसर में शुक्रवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में दुमका नगर परिषद और नगर पंचायत बासुकीनाथ के अध्यक्ष और सभी वार्ड पार्षदों के पद और गोपनीयता की शपथ दिए जाने के बाद उपाध्यक्ष पद का विधिवत चुनाव सम्पन्न हुआ. दोनों जगह उपाध्यक्ष पद के लिए दो-दो उम्मीदवारों ने उपाध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया. पूरी प्रक्रिया के बाद दोनों जगहों पर चुनाव कराया गया, जिसमें दुमका नगर परिषद के लिए वार्ड संख्या 20 से चौथी बार पार्षद बने मनोज कुमार सिंह ने वार्ड संख्या 10 के वार्ड पार्षद कन्हाई प्रसाद साह को 15 वोटों के अंतर से हराकर उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया.
मनोज कुमार सिंह कुल 18 वोट मिले हैं जबकि कन्हाई प्रसाद साह मात्र 3 वोट ही मिले हैं. चुनाव अधिकारी ने मनोज कुमार सिंह को उपाध्यक्ष घोषित करते हुए प्रमाण पत्र सौंपा है, जिसके बाद नगर परिषद दुमका क्षेत्र के नव निर्वाचित उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह को नगर परिषद दुमका के अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया द्वारा पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई.
बासुकीनाथ नगर पंचायत के उपाध्यक्ष रोहित राउत बने
बासुकीनाथ नगर पंचायत के उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में रोहित कुमार राउत ने निकेश कुमार को दो वोटों के अंतर से हरा दिया. वार्ड नंबर 3 के पार्षद रोहित कुमार राउत को कुल 12 वोट पड़े जबकि वार्ड नंबर 7 के पार्षद निकेश कुमार के पक्ष में 5 वार्ड पार्षदों ने मतदान किया. इस मौके पर नगर पंचायत बासुकीनाथ क्षेत्र के नव निर्वाचित उपाध्यक्ष रोहित राउत को नगर पंचायत बासुकीनाथ क्षेत्र की अध्यक्ष वीणा देवी द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई.
साफ सफाई होगी दुरुस्त
नवनियुक्त उपाध्यक्षों ने बताया कि अध्यक्ष के साथ मिलकर हम जनता के लिए बेहतर काम करेंगे. खासतौर पर बेहतर साफ सफाई हमारी प्राथमिकता होगी लोगों को अन्य नागरिक सुविधा प्रदान हो यह सुनिश्चित किया जाएगा.


