नई दिल्ली: दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार ब्लास्ट में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. एनएसजी, एनआईए और फोरेंसिक विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. बम धमाके के बाद सभी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में हाई अलर्ट जारी किया गया है.
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की और दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद स्थिति का जायजा लिया है.
सूत्रों के अनुसार, अमित शाह ने लाल किले के पास विस्फोट के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए दिल्ली पुलिस प्रमुख और आईबी के निदेशक से बात की. सूत्रों ने बताया कि अमित शाह ने एनआईए, एनएसजी, फोरेंसिक विज्ञान के प्रमुखों को विस्फोट की जांच में सहायता के लिए टीमें भेजने और सबूत इकट्ठा करने का निर्देश दिया. गृह मंत्री अमित शाह धमाके की घटना के संबंध में आईबी निदेशक के साथ लगातार संपर्क में हैं.
एएनआई ने लोक नायक जय प्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक के हवाले से बताया कि विस्फोट के बाद 15 लोगों को लोक नायक अस्पताल लाया गया है. उनमें से आठ की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई. तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं. एक की हालत स्थिर है. अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट में कई वाहन जलकर खाक हो गए.
कांग्रेस ने गहन और त्वरित जांच की मांग की
कांग्रेस ने ऐतिहासिक लाल किले के पास कार ब्लास्ट की घटना को बेहद दुखद बताया और इसकी गहन और त्वरित जांच की मांग की. कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार विस्फोट की खबर बेहद दुखद है. शुरुआती रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि कई लोगों की जान चली गई है. दुख की इस घड़ी में, हम शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं. सरकार को इस घटना की गहन और त्वरित जांच सुनिश्चित करनी चाहिए.”
दिल्ली में विस्फोट से गहरा सदमा लगा: ममता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी दिल्ली में विस्फोट की घटना पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने कहा, “नई दिल्ली में हुए दुखद विस्फोट के बारे में सुनकर गहरा सदमा लगा. मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और मैं सभी घायलों के लिए शक्ति और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं.”


