Thursday, March 26, 2026

दिल्ली बॉम्ब ब्लास्ट के बाद रांची पुलिस अलर्ट पर है.

Share

रांची: दिल्ली में हुए आतंकी हमले और झारखंड स्थापना दिवस को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त कर दी गई. बुधवार रात को एंटी क्राइम चेकिंग के लिए रांची के दो आईपीएस सड़क पर उतरे. रांची के सिटी एसपी पारस राणा और ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने पूरी राजधानी में खुद एंटी क्राइम चेकिंग चलाया. इस दौरान ड्रंक ड्राइव अभियान भी चलाया गया.

दिल्ली में हुए आतंकी हमले के बाद राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतरीन करने की कवायद शुरू कर दी गई है. रांची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी के संयुक्त नेतृत्व में पूरे शहर और ग्रामीण क्षेत्र के इलाकों में 50 से ज्यादा स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया.

बुधवार की देर शाम से शुरू हुआ यह अभियान देर रात तक चला. बता दें कि डीजीपी के निर्देश पर झारखंड पुलिस हाई अलर्ट पर हैं. इस अभियान का मुख्य फोकस संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा सुनिश्चित करना है. रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि शहर में सुरक्षा को लेकर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. यह आगे भी जारी रहेगा.

वहीं, दूसरी तरफ स्थापना दिवस समारोह को लेकर भी रांची में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची रेलवे स्टेशन, हटिया और मुरी स्टेशन सहित सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल), जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) और स्थानीय पुलिस मिलकर संयुक्त सुरक्षा अभियान चला रही हैं. एहतियातन चौकसी बढ़ाते हुए प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं. इसके अलावा रांची में डॉग स्क्वायड (श्वान दल) और बम डिटेक्शन टीम लगातार निरीक्षण कर रही हैं.

एक दो आईपीएस अफसरों के सड़क पर चेकिंग के लिए उतरने की वजह से जूनियर अफसर भी बेहतर तरीके से जांच में जुटे हुए थे. शहर के चौक-चौराहों, बस स्टैंड, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहनता से जांच की गई. पुलिस न सिर्फ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की बल्कि उनके पहचान पत्रों की बारीकी से जांच करती नजर आई.

रांची के ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और सुरक्षा में किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी. साथ ही आम जनता से भी अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

police-alert-in-ranchi-after-delhi-bomb-blast

Read more

Local News