Friday, March 13, 2026

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में बिहार के चार मोस्ट वांटेड गैंगस्टर मारे गए

Share

 राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में गुरुवार तड़के दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में बिहार के चार मोस्ट वांटेड गैंगस्टर मारे गए. पुलिस के अनुसार, मारे गए चारों बदमाश बिहार के कुख्यात ‘सिग्मा गैंग’ से जुड़े थे और बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में बड़े पैमाने पर आतंक फैलाने की फिराक में थे.

यह संयुक्त ऑपरेशन दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा और बिहार पुलिस की स्पेशल टीम द्वारा खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया. टीम को रोहिणी में बदमाशों के छिपे होने की सटीक सूचना मिली थी. पुलिस ने जैसे ही इलाके की घेराबंदी कर बदमाशों को आत्मसमर्पण करने को कहा, उन्होंने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में चार बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

मारे गए बदमाशों में गैंग का सरगना रंजन पाठक (25) भी शामिल है. यह गिरोह हत्या, रंगदारी और लूटपाट जैसे कई गंभीर अपराधों में वांछित था. इसके अलावे बिमलेश महतो (25), मनीष पाठक (33) और अमन ठाकुर (21) के तौर पर पहचान हुई है.

  • इस संयुक्त कार्रवाई के बाद, दिल्ली पुलिस और बिहार पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करने का दावा किया है. पुलिस ने घटनास्थल से कई अवैध हथियार, जिनमें जिगाना पिस्टल भी शामिल है, और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह एनकाउंटर लगभग 15 मिनट तक चला और बदमाशों की तरफ से हुई फायरिंग में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है.
  • दोनों राज्यों की पुलिस ने इस ऑपरेशन को अंतर-राज्यीय समन्वय का एक बड़ा उदाहरण बताया है. उन्होंने कहा कि इन बदमाशों के मारे जाने से बिहार और दिल्ली-एनसीआर में संगठित अपराध पर बड़ा असर पड़ेगा और कई बड़ी आपराधिक वारदातों की साजिश नाकाम हुई है. पुलिस अब इन गैंगस्टरों के अन्य सहयोगियों और उनके आपराधिक नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है.
  • मुठभेड़ में ढेर बदमाशों के नाम
  • 1. रंजन पाठक, पुत्र मनोज पाठक निवासी ग्राम मल्हाई, थाना सुरसंड, जिला सीतामढ़ी, बिहार, उम्र- 25 वर्ष
  • 2. बिमलेश महतो उर्फ बिमलेश साहनी पुत्र सुखला देवी निवासी रतनपुर, थाना बाजपट्टी, जिला सीतामढ़ी, बिहार, उम्र- 25 वर्ष
  • 3. मनीष पाठक पुत्र अरविंद पाठक निवासी ग्राम मल्हाई, थाना सुरसंड, जिला सीतामढ़ी, बिहार, उम्र- 33 वर्ष
  • 4. अमन ठाकुर पुत्र संजीव ठाकुर, निवासी ग्राम शेरपुर, करावल नगर, दिल्ली, उम्र- 21 वर्ष

Read more

Local News