कोरान सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत मठिला गांव में सोमवार की रात एक बुजुर्ग पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना रात करीब 10.30 बजे की बताई जा रही है। बुजुर्ग प्रतिदिन की तरह सोमवार की रात खाना के बाद अपने घर के दरवाजे पर सो रहे थे।
बक्सर। कोरान सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत मठिला गांव में सोमवार की रात एक बुजुर्ग पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना रात करीब 10.30 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित 60 वर्षीय बुजुर्ग प्रतिदिन की तरह सोमवार की रात खाना पीना के बाद अपने घर के दरवाजे पर सो रहे थे। तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर धारदार हथियार से पेट पर वार कर फरार हो गया। हमले में वृद्ध का पेट फट गया और आंत बाहर आ गई, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्वजनों ने ग्रामीणों की मदद से उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। घायल की पहचान मठिला गांव निवासी स्वर्गीय केदार यादव के पुत्र आदित्य यादव के रूप में हुई है। इस घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित परिवार के द्वारा थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, हालांकि पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस इस हमले को गंभीरता से ले रही है और हर पहलू पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमलावर की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। गांव में इस बात की चर्चा है कि इस बुजुर्ग व्यक्ति का किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, तो फिर जानलेवा हमला क्यों किया गया? पुलिस हर संभावना को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।


