तेलुगु पवन कल्याण की आगामी फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ तेलुगु नववर्ष उगादी के अवसर पर 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है. मेकर्स ने मंगलवार, 10 मार्च को फिल्म के सर्टिफिकेशन के बारे में जानकारी दी. फिल्म को सेंसर बोर्ड से जीरो कट के साथ क्लीन चिट मिल गया है.
फिल्म मेकर्स ने मंगलवार को सोशल मीडिया के जरिए अनाउंसमेंट किया कि फिल्म की सेंसरशिप प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और इसे बिना किसी कट के यू/ए सर्टिफिकेट मिला है. फिल्म की अवधि भी 2 घंटे 34 मिनट निर्धारित की गई है.
मेकर्स ने फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए मेकर्स ने कैप्शन में लिखा है, उस्ताद भगत सिंह को यू/ए सर्टिफिकेट मिला है. इस गर्मी में, परिवार थिएटर में पूरे मनोरंजन के साथ धमाल मचाने के लिए तैयार हैं. इस उगादी – 19 मार्च, 2026 को दुनिया भर में ग्रैंड रिलीज.’
बता दें मेकर्स ने हाल ही में फिल्म की रिलीज डेट 26 मार्च से एक हफ्ता पहले 19 मार्च कर दी थी. मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ाते हुए कहा था, ‘हमारी उस्ताद बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त जश्न मनाने के लिए एक हफ्ता पहले आ रही है. उस्ताद भगत सिंह 19 मार्च, 2026 को दुनिया भर में ग्रैंड रिलीज होगी.’
शुरू में, देवी श्री प्रसाद को उस्ताद भगत सिंह के लिए म्यूजिक डायरेक्टर के तौर पर लिया गया था. हालांकि, बाद में मेकर्स ने उन्हें सिर्फ गानों के लिए रखने का फैसला किया और बैकग्राउंड स्कोर के लिए एस थमन को लिया. फिल्म में पवन कल्याण के साथ श्रीलीला और राशि खन्ना लीड रोल में हैं. यह फिल्म 19 मार्च को बॉक्स ऑफिस पर रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ से क्लैश होगी.


