मुंबई: बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव ने चेक बाउंस केस में अंतरिम जमानत मिलने के कुछ ही दिनों बाद काम पर फिर से लौट आए हैं. जेल से निकलने के बाद उन्होंने मैसेज शेयर कर सभी का धन्यवाद किया था. अब उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करके बताया है कि जेल से रिहा होने के बाद उन्होंने फिर से काम करना शुरू कर दिया है.
राजपाल यादव ने मुंबई में काम फिर से शुरू कर दिया है. सोमवार, 23 फरवरी को राजपाल ने एक फिल्म सेट पर अपनी वैनिटी वैन से एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने काम पर वापस लौटने में मदद करने के लिए भगवान और अपने शुभचिंतकों का शुक्रिया अदा किया. वीडियो में, राजपाल ने इंडस्ट्री में अपने 30 साल के लंबे सफर के बारे में भी बताया और बताया कि कैसे, उनके सभी बुरे और मुश्किल समय में मुंबई शहर ने हमेशा उनकी मदद की है.
अपनी वैनिटी वैन के अंदर शूट किए गए वीडियो में, राजपाल कहते हुए दिखे, ‘ईश्वर की कृपा से, आप सबके प्यार और आशीर्वाद से, मैं काम पर वापस आ गया हूं. 13 जून 1997 में मैं मुंबई आया था. 13 जुलाई 1997 को पुणे में स्वराज नाम के एक टेलीविजन सीरियल में दयाल निहलानी के डायरेक्शन में एक्शन सुनने का सौभाग्य मिला था. मंजू दीदी उसकी प्रोड्यूसर थी. यह एक छोटा सा रोल था, लेकिन यहीं से मेरे करियर की शुरुआत हुई.’
उन्होंने आगे कहा, ‘1997 से जब से मेकअप लगा, उसके बाद आज तक मेकअप लगता चलता आ रहा है और वैनिटी वैन मिलती चली आ रही है. वहां से लेकर अगले साल 2027 तक इस इंडस्ट्री में आए मुझे 30 साल हो जाएंगे. आपके प्यार, सपोर्ट की वजह से मैं आत्म विश्वास के साथ आप लोगों के सामने हूं. मैं कोशिश करता रहूंगा कि मैं आंखो के सामने एक मीनिंगफुल स्टोरी मिले, आपके स्वस्थ्य शरीर के लिए एक अच्छा मनोरंजन मिले. तो आई लव अंजन, आई लव मनोरंजन.’
चेक बाउंस का मामला
चेक बाउंस का मामला उनकी 2012 की फिल्म ‘अता पता लापता’ से जुड़ा है, जिसे उन्होंने डायरेक्ट किया था. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक्टर ने इस प्रोजेक्ट के लिए 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था. फिल्म के बॉक्स ऑफ़िस पर फ्लॉप होने के बाद, पैसे की दिक्कतें शुरू हो गईं, और तब से देनदारी बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपये हो गई है. इसकी वजह से उन्हें तिहाड़ जेल का भी चक्कर लगाना पड़ गया था. इस मामले की अगली सुनवाई 18 मार्च, 2026 को होनी है.


