Friday, March 13, 2026

डायन बताकर महिला की हत्या

Share

पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी प्रखंड के गुलिकेरा रैइदा टोला में शुक्रवार की शाम एक बुजुर्ग महिला की डायन-बिसाही के शक में हत्या कर दी गई. मृतका की पहचान 70 वर्षीय टुकनी लोंमगा के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, टुकनी लोंमगा रोज की तरह खेत में काम करने के बाद घर लौट रही थी. इसी दौरान गांव के ही गोमिया होरो ने उन पर पत्थर से हमला कर दिया. जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.


 आरोपी गोमिया होरो ने बुजुर्ग महिला को डायन कहकर वारदात को अंजाम दिया. इसके बाद वह थाना पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया. मृतका के देवर नवीन लोंमगा ने बताया कि टुकनी लोंमगा के पति और बेटा पहले ही गुजर चुके हैं. उनकी बेटी पुतली लोंमगा (35) का विवाह हो चुका है और घटना के समय वह अपनी मां के साथ थी. उसने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई. घटना के बाद से वह लापता है.


 मृतका के पोते बेंजामिन मुंडरी ने पुलिस प्रशासन से पुतली लोंमगा की जल्द खोजबीन की अपील की है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. गुदड़ी थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना की सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

Read more

Local News