भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत मैदान पर लौट आए हैं. पंत इंडिया-ए और दक्षिण अफ्रीका-ए के बीच खेले जा रहे रेड बॉल मैच से मैदान पर उतरे हैं. इस मैच में भारत का स्टार खिलाड़ी बल्ले के साथ कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाया और सिर्फ 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गया. लेकिन बीसीसीआई ने उनका एक वीडियो शेयर किया है.
बीसीसीआई ने शेयर किया पंत का वीडियो
इस वीडियो में ऋषभ पंत अपनी चोट से लेकर मैदान पर वापसी तक की कहानी बयां करते हुए नजर आ रहे हैं. इस दौरान पंत ने बताया कि कैसे उन्होंने इंग्लैंड सीरीज में चोट लगने के बाद बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में एक इंटेंसिव रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम किया और खुद को मैदान पर आने के लिए योग्य बनाया.
इस वीडियो में पंत ने बताया कि, सीओई में सिर्फ फिजिकल रिकवरी पर ही नहीं, बल्कि मेंटल कंडीशनिंग और मैच के लिए तैयार रहने पर भी बराबर जोर दिया गया. मैं स्टाफ के सपोर्ट से अपना रिहैब सफलतापूर्वक पूरा कर चुका हूं. अब मैं कॉम्पिटिटिव क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार हूं’.
14 को टीम इंडिया के लिए खेल सकते हैं पंत
आपको बता दें कि, दक्षिण अफ्रीका 14 से 26 नवंबर तक भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए इंडिया का दौरा करने वाली है. इस सीरीज में ऋषभ पंत की वापसी हो सकती है. इस सीरीज का पहला टेस्ट 14-18 नवंबर को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में शुरू होगा. तो वहीं, दूसरे टेस्ट मैच के लिए टीम गुवाहाटी जाएगी, जहां बरसापारा स्टेडियम 22 से 26 नवंबर से अपना दूसरा टेस्ट मैच होगा.
इस सीरीज के लिए अभी भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान नहीं हुआ है. इस सीरीज में पंत को मौका मिलने के चांस काफी हाई हैं. टीम की कप्तानी शुभमन गिल करेंगे. ऐसे में हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान गिल की पहली पसंद विकेटकीपिंग के लिए ऋषभ पंत होंगे.
ऋषभ पंत का टेस्ट करियर
ऋषभ पंत ने भारत के लिए 47 टेस्ट मैचों की 82 पारियों में 8 शतक और 18 अर्धशतकों की मदद से 3427 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने विकेटकीपिंग करते हुए 156 कैच, 15 स्टंपिंग और 1 रन आउट भी किया है.


