टाटानगर के रास्ते गर्मी की छुट्टियों के लिए नई समर स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू हुआ है! नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी (नागपुर) और शालीमार के बीच चलने वाली इस ट्रेन से कोल्हान के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. देखिए, क्या है ट्रेन संख्या 08865/08866 का पूरा शेड्यूल और ठहराव की जानकारी
गर्मी के मौसम में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने टाटानगर के रास्ते चलने के लिए एक नई ‘समर स्पेशल’ ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. यह ट्रेन नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी (नागपुर) और शालीमार (कोलकाता) के बीच संचालित होगी, जिससे कोल्हान क्षेत्र के यात्रियों को यात्रा में काफी सहूलियत मिलेगी. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा चलाई जा रही यह विशेष सेवा 2 अप्रैल से 25 जून 2026 तक जारी रहेगी, जिसमें कुल 13-13 फेरे लगाए जाएंगे.
टाटानगर में सुबह आगमन और रात में वापसी का समय
ट्रेन संख्या 08865 (इतवारी-शालीमार स्पेशल) प्रत्येक गुरुवार को शाम 5:10 बजे इतवारी से रवाना होगी और अगले दिन शुक्रवार सुबह 9 बजे टाटानगर पहुंचेगी. यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद यह शालीमार के लिए प्रस्थान करेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 08866 प्रत्येक शुक्रवार शाम 6 बजे शालीमार से खुलेगी और रात 9:55 बजे टाटानगर पहुंचेगी, जहां से 5 मिनट के ठहराव के बाद रात 10 बजे इतवारी के लिए रवाना हो जाएगी.
21 कोच और प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
इस विशेष ट्रेन में स्लीपर, थर्ड एसी, सेकंड एसी और सामान्य श्रेणी के कुल 21 कोच लगाए गए हैं, साथ ही लंबी दूरी के यात्रियों की सुविधा के लिए पैंट्री कार की व्यवस्था भी की गई है. यह ट्रेन गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर और खड़गपुर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी. रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा से पहले एनटीईएस (NTES) ऐप के माध्यम से समय-सारणी की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि गर्मी के इस सफर में उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो.


