Tuesday, April 7, 2026

‘टटीरी’ विवाद पर रैपर बादशाह आज राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने पेश हुए, उन्होंने आयोग से माफी मांगी है.

Share

नई दिल्ली: राष्ट्रीय महिला आयोग ने आज, 7 अप्रैल को रैपर-सिंगर बादशाह के टटीरी गाने के मामले की सुनवाई की. सुनवाई के लिए आदित्य प्रतीक सिंह उर्फ बादशाह, जोबन संधू (निर्देशक), महावीर सिंह (निर्देशक) और हितेन (निर्माता) आयोग के सामने पेश हुए. बादशाह ने चार महीने के अंदर महिला सशक्तिकरण पर एक गाना बनाने का वादा किया है.

सुनवाई की अध्यक्षता आयोग की अध्यक्षा विजया रहाटकर ने की. उन्होंने कहा कि ‘टटीरी’ गाने की लिरिक्स और प्रस्तुतीकरण महिलाओं की गरिमा और शालीनता को ठेस पहुंचाने वाला है, अध्यक्षा ने इस गाने से महिलाओं की गरिमा को हुई क्षति पर अफसोस जताया और संबंधित पक्षों को भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति न करने के निर्देश दिए.

बादशाह ने डायरेक्टर जोबन संधू और महावीर सिंह, और प्रोड्यूसर हितेन के साथ मिलकर बिना शर्त लिखकर माफी मांगी. उन्होंने गाने के समाज पर पड़े असर के लिए अफसोस जताया. उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कार्य करने की प्रतिबद्धता भी जताई.

बादशाह ने आयोग के समक्ष कहा, ‘मैं महिलाओं और समाज के उत्थान के लिए कार्य करूंगा. महिला सशक्तिकरण पर एक सकारात्मक गाना 4 महीने के अंदर प्रस्तुत करूंगा और भविष्य में इस प्रकार की किसी भी गतिविधि में शामिल नहीं होऊंगा.’ बादशाह ने आयोग के सामने आर्थिक रूप से कमजोर 50 बालिकाओं की शिक्षा का प्रायोजन करने की बात रखी. इसके अतिरिक्त, उन्होंने 4 माह के भीतर महिलाओं के सशक्तिकरण पर एक गीत बनाने का भी संकल्प लिया.

सुनवाई के बाद बादशाह के वकील अक्षय दहिया ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘आज मैं बादशाह के लिए पेश हुआ, और मेरे क्लाइंट, बादशाह भी मौजूद थे. आयोग की अध्यक्ष ने सेशन के दौरान बहुत कुछ समझाया. हमने वादा किया था कि हम महिलाओं के उत्थान के लिए काम करेंगे. मेरे क्लाइंट ने यह भी वादा किया था कि हम कम से कम 50 लड़कियों को उनके विकास के लिए स्पॉन्सर करेंगे, उनके उत्थान के लिए कुछ फंड जमा करेंगे, और महिलाओं के सशक्तिकरण में मदद के लिए इवेंट या फंक्शन आयोजित करेंगे.’

अक्षय दहिया ने कहा, ‘यह पूरी तरह से एक क्रिएटिव एक्सप्रेशन था और इसका मकसद किसी को बदनाम करना नहीं था. यह महिलाओं या समाज के एक खास हिस्से के लिए था. हमने इसके लिए माफी मांग ली है और इस पर काम करते रहेंगे. मेरे क्लाइंट लंबे समय से महिलाओं की मदद के लिए एक्टिव रूप से जुड़े रहे हैं.’

Read more

Local News