रांची : आम जनता की छोटी मोटी परेशानी दूर करने के उद्देश्य से झारखंड सरकार के द्वारा इन दिनों आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत सेवा का अधिकार सप्ताह आयोजित की गई है. सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में हर पंचायत और शहरी क्षेत्र के सभी वार्डों में कैंप लगाकर लोगों से आवेदन प्राप्त कर इसका समाधान करने में जुटी है.
21 नवंबर से चल रहे सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत अब तक राज्य भर से 2,40,000 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिसमें 72,143 का निष्पादन होने की सूचना है. सबसे अधिक आवेदन लोक कल्याणकारी योजनाओं के तहत प्राप्त हो रहे हैं. हालांकि, मंईयां सम्मान योजना को लेकर महिलाओं को इन कैंपों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
ईटीवी भारत की टीम ने आज 24 नवंबर को राजधानी रांची के वार्ड नंबर 14 के चुटिया वार्ड कार्यालय और वार्ड नंबर 15 के सिरम टोली वार्ड कार्यालय में चल रहे सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत लगाए गए शिविरों का जायजा लिया. जहां पहुंची महिलाएं काफी परेशान दिखीं.
सेवा का अधिकार के तहत प्राप्त आवेदन
| आवेदन | प्राप्त | निष्पादित |
| जाति प्रमाण पत्र | 16514 | 8608 |
| आय प्रमाण पत्र | 12296 | 6704 |
| स्थानीय निवासी | 12888 | 6386 |
| वृद्धा पेंशन | 26242 | 7605 |
| विधवा पेंशन | 1065 | 272 |
| दिव्यांग पेंशन | 727 | 239 |
| दाखिल-खारिज | 1691 | 241 |
| भूमि मापी | 342 | 83 |
| जन्म प्रमाण पत्र | 10462 | 2970 |
| मृत्यु प्रमाण पत्र | 1147 | 332 |
लोग फार्म लेकर दौड़ रहे हैं इधर-उधर, नहीं मिल रहा कोई जवाब
सरकार द्वारा लगाए गए इस शिविर में सरकारी योजनाओं को लेकर आम लोग पहुंच रहे हैं. इन शिविरों में परेशानी की वजह यह है कि मंईयां सम्मान योजना को लेकर कहीं आवेदन लिया जा रहा है तो कहीं आवेदन नहीं लिया जा रहा है. सरकार के स्पष्ट आदेश नहीं होने की वजह से शिविरों में कार्यरत सरकारी कर्मी आम लोगों की नाराजगी हर दिन झेल रहे हैं.
इधर, सोमवार को राजधानी के दो वार्डो में लगाए गए शिविरों में हंगामा की स्थिति बनी रही. वार्ड नंबर 14 के चुटिया वार्ड कार्यालय में लगाए गए कैंप में उस समय महिलाएं नाराज हो गईं जब आवेदन फॉर्म के लिए 20-20 रुपये लिए जाने लगे. उसके बाद भी आवेदन जमा नहीं हो पा रहा था.
कर्मचारियों के व्यवहार से नाराज छवि रंजन श्रीवास्तव बताती हैं कि आवेदन लेने के नाम पर सुबह से परेशान किया जा रहा है. इसी तरह से चुटिया की सोनी कुमारी कहती हैं कि कोई कर्मचारी सही से जवाब देने को तैयार नहीं है. कोई कहता है अंचल में जमा करिए तो कोई कहता है यहां जमा होगा. आखिर लोग कहां जाएं.
इसी तरह की परेशानी राजधानी के वार्ड नंबर 15 में लगाए गए शिविर में भी देखा गया. यहां आई महिलाओं ने भी मंईयां सम्मान योजना को लेकर आवेदन जमा नहीं होने पर परेशान होती रहीं. शिखा कुमारी बताती हैं कि इससे पहले वे पांच बार आवेदन जमा कर चुकी हैं और किसी न किसी वजह से उनके आवेदन को अब तक स्वीकार नहीं किया गया है. इस संबंध में कोई कारण बताने को तैयार नहीं है. एक बार फिर वह मंईयां सम्मान योजना के लिए फॉर्म भरने के लिए यहां पहुंची हैं लेकिन आवेदन नहीं लिया जा रहा है.
अंजुमन हॉस्पिटल के पास से आई गजला नाज कहती हैं कि मंईयां सम्मान योजना के तहत शुरू में उनके खाते में पैसे आते रहे, मगर पिछले 6 महीने से पैसा नहीं आ रहा है. एक बार फिर उन्होंने आधार कार्ड के साथ शिकायत दर्ज कराई है. शहर के रतन टॉकीज के पास से आई सोनी खातून कहती हैं कि उन्होंने इसे पहले तीन बार आवेदन दिया है लेकिन उनके आवेदन पर विचार नहीं किया गया. एक बार फिर आज यहां फॉर्म भरने के लिए आई थी, मगर कोई कर्मचारी यहां जवाब देने के लिए तैयार नहीं है, जिस वजह से उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा है.


