झारखंड विधानसभा के बजट सत्र से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सत्ता पक्ष के विधायकों संग रणनीति बैठक की। उन्होंने विधायकों को तथ्यों के साथ सदन में उपस्थित रहने और सरकार की उपलब्धियां मजबूती से रखने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष द्वारा कार्यवाही बाधित करने पर सरकार भी अपना पक्ष मजबूती से रखेगी। कांग्रेस नेताओं ने विपक्ष को मुद्दाविहीन बताया, जबकि मंत्री हफीजुल हसन ने झारखंड के बकाए मुद्दे उठाने की बात कही।
रांची। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र को लेकर मुख्यमंत्री सह गठबंधन विधायक दल के नेता हेमंत सोरेन ने सत्ता पक्ष के विधायकों की अहम बैठक कर रणनीति तय की। एटीआइ में हुई बैठक में मंत्रियों और विधायकों को निर्देश दिया गया कि वे सदन में पूरी तैयारी और तथ्यों के साथ उपस्थित रहें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के पास अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां और जनकल्याणकारी कार्य हैं, जिन्हें सदन में मजबूती से रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले हर सवाल का तथ्यात्मक और ठोस जवाब दिया जाएगा। साथ ही विपक्ष से सदन की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने में सहयोग की अपेक्षा भी जताई।
उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष गैरजरूरी मुद्दों को उठाकर सदन की कार्यवाही बाधित करने की कोशिश करेगा तो सरकार भी मजबूती से अपना पक्ष रखेगी। बैठक में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उपनेता राजेश कच्छप, राजद कोटे से सरकार में मंत्री संजय प्रसाद यादव समेत सत्ता पक्ष के कई मंत्री और विधायक मौजूद थे।

हर सवाल का जवाब देने को तैयार : प्रदीप यादव
बैठक के बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि सत्ता पक्ष के विधायक और मंत्री पूरी तैयारी के साथ सदन में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर जवाब देने के लिए तैयार है और विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है।

वंदे मातरम मुद्दा बंगाल चुनाव से जुड़ा : राजेश कच्छप
कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने आरोप लगाया कि विपक्ष मुद्दाविहीन है और ‘वंदे मातरम’ जैसे विषयों को बंगाल चुनाव को ध्यान में रखकर उठाया जा रहा है। उनका कहना था कि चुनावी समय में भाजपा इस तरह के मुद्दों को हवा देती है। उन्होंने भरोसा जताया कि सत्ता पक्ष सदन में पूरी तरह तैयार रहेगा।

झारखंड के बकाए मुद्दे उठाएगी सरकार : हफीजुल
मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि सत्ता पक्ष के सभी विधायक एकजुट हैं और विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जनता से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट रुख अपनाएगी और झारखंड के बकाए विषयों समेत अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को सदन में प्रभावी ढंग से उठाएगी।


