रांचीः धनबाद विधायक राज सिन्हा को साल 2025 के लिए उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित किया गया है. झारखंड विधानसभा के रजत जयंती वर्ष पर आयोजित समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो ने संयुक्त रुप से राज सिन्हा को उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार से सम्मानित किया.
इस मौके पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री, विधानसभाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, संसदीय कार्य मंत्री सहित उपस्थित सभी लोगों ने राज सिन्हा के व्यक्तित्व और सदन के अंदर के आचरण की सराहना करते हुए दूसरे विधायक के लिए प्रेरणादायक बताया. उत्कृष्ट विधायक सम्मान पानेवाले राज सिन्हा 21वें विधायक हैं जिन्हें यह पुरस्कार मिला है.

इस अवसर पर राज सिन्हा ने विधानसभा से मिले सम्मान राशि को अपने धनवाद विधानसभा क्षेत्र स्थित एक ब्लाइंड स्कूल के सेवार्थ सौंपने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि यह सम्मान धनबाद की जनता का प्यार और बड़ों का आशीर्वाद से मिला है. कभी हम भी सोचा करते थे कि हम भी ऐसा कार्य करें जिससे हमें उत्कृष्ट विधायक बनने का गौरव प्राप्त हो आज वो अवसर हमें मिला है इसके लिए मैं सभी के प्रति आभारी हूं.
इसके अलावा रजत जयंती वर्ष समारोह के मौके पर संतोष कुमार सिंह संयुक्त सचिव, नीलम कुजूर प्रशाखा पदाधिकारी, मोहम्मद शाहिद सहायक प्रशाखा पदाधिकारी, राकेश कुमार सिंह उद्यान पर्यवेक्षक, अनुदेशक मन्नू राम और रविंद्र पाल को उत्कृष्ट विधानसभाकर्मी के पुरस्कार से नवाजा गया.

- रजत जयंती समारोह के मौके पर सशस्त्र सीमा बल के सहायक कमान्डेंट शिवम कुमार को भी सम्मानित किया गया. शिवम कुमार सहायक कमांडेंट ने 32वीं वाहिनी में तैनाती के दौरान ऑपरेशन में दुर्दांत उग्रवादियों को मार गिराने एवं अपने बटालियन को बेस्ट ऑपरेशन बटालियन का पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. अपने साहस और शौर्य के लिए इन्हें राष्ट्रपति द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं वीरता पदक से सम्मानित किया जा चुका है.
- इस मौके पर देश की रक्षा के लिए शहीद होने वाले जवानों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया उस वक्त समारोह स्थल पूरी तरह से गमगीन हो गया. जिन शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया है उसमें शहीद रामदेव महतो, आरक्षी सिकंदर सिंह, आरक्षी सुकन राम, हवलदार चौहान हेंब्रम, आरक्षी सुनील धान, सुनील राम, संतन कुमार मेहता, महिमा नंद शुक्ला, सुनील कुमार मंडल, महराबम प्रभु सिंह, प्राणेश्वर कोच, संदीप कुमार, महेंद्र लश्कर, कौशल कुमार मिश्रा, कप्तान करमजीत सिंह बक्शी, शहीद अग्निवीर अर्जुन महतो शामिल हैं.
इसके अलावा रजत जयंती समारोह के अवसर पर झारखंड के खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया. तीरंदाजी के क्षेत्र में नाम रौशन करने वाली गोल्डी मिश्रा मार्शल आर्ट एवं तीरंदाजी में अमित मोदक को सम्मानित किया गया. वहीं सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने वाले दिवाकर आनंद, दीक्षा कुमारी और साहित्य लेखन में डॉ मयंक मुरारी को सम्मानित किया गया है.


