रांची में रविवार को हुई झमाझम वर्षा ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। सोमवार को तापमान कम होने से गर्मी का असर कम हुआ लेकिन आंशिक बादल छाए रहने से उमस भरी गर्मी रही। मौसम विज्ञान केंद्र ने 19 से 21 मई तक राज्य के सभी जिलों में बिजली गिरने की संभावना जताई है और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।
रांची। रविवार को राजधानी रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में हुई झमाझम वर्षा ने मौसम का मिजाज बदल दिया है।
सोमवार को तापमान कम हो जाने के कारण गर्मी का असर जहां कम हो गया, वहीं दिनभर आंशिक बादल छाए रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि 19 से 21 मई तक राज्य के सभी जिलों में बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है, इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।
वहीं 21 से 24 मई के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी व आसपास के क्षेत्रों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
राजधानी रांची में सुबह से ही आंशिक बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार 20 मई को राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा और साहिबगंज में भारी वर्षा होने की संभावना है, इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं इन जिलों में मेघगर्जन और 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा बहने और बिजली गिरने को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं 21, 22 और 23 मई को राज्य में कहीं कहीं मेघगर्जन और 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा बहने और बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा होने की है प्रबल संभावना
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में 20 और 21 मई को कई स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा होने की प्रबल संभावना है। यह स्थिति 22 और 23 मई तक बनी रहेगी।
झारखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में अधिकांश स्थानों पर मेघगर्जन और बिजली गिरने की घटनाओं के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। सबसे अधिक वर्षा 49.2 मिमी खूंटी के अड़की में हुई।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज का और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकार्ड किया गया।
वहीं राजधानी रांची का अधिकतम 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।