Friday, April 3, 2026

झारखंड में मनरेगाकर्मियों का मानदेय बढ़ने वाला है,झारखंड राज्य ग्रामीण रोजगार गारंटी परिषद की बैठक में यह निर्णय लिया गया है.

Share

रांचीः झारखंड राज्य ग्रामीण रोजगार गारंटी परिषद की बुधवार को बैठक हुई. जिसमें मनरेगाकर्मियों के हित, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण रोजगार सशक्तीकरण पर व्यापक चर्चा की गई. ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की अध्यक्षता में झारखंड मंत्रालय में हुई इस बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं.

बैठक में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने मनरेगाकर्मियों का मानदेय तत्काल 30% बढ़ाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इससे मनरेगाकर्मियों की आर्थिक सुरक्षा और कार्य क्षमता सुदृढ़ होगी. उन्होंने मनरेगाकर्मियों के लिए ग्रुप इंश्योरेंस, एक्सीडेंट इंश्योरेंस के साथ-साथ लाइफ इंश्योरेंस उपलब्ध कराने के लिए एक अलग प्रस्ताव तैयार करने का भी निर्देश दिया. साथ ही कार्मियों के ग्रेड पे को लेकर भी विभाग को प्रस्ताव शीघ्र लाने के लिए कहा

इस मौके पर ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि ग्रामीण जनता को रोजगार का जो अधिकार दिया गया है, उसकी मजबूती और निरंतरता सुनिश्चित करना सरकार की मुख्य प्राथमिकता है. इस बैठक में राज्यभर में मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई और आने वाले समय में इसके और सशक्त क्रियान्वयन पर रणनीति तय की गई.

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि दीदी बाड़ी योजना के मजबूत होने से ग्रामीण महिलाओं को नई शक्ति मिली है और मनरेगा ने राज्य में रिकॉर्ड मैन-डेज निर्माण कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान की है. बैठक में केंद्र सरकार द्वारा बिना तैयारियों के लागू की गई तकनीकी प्रणाली के कारण मटेरियल पेमेंट में हो रही देरी पर भी विस्तृत चर्चा हुई. उन्होंने भरोसा जताया कि विभाग केंद्र सरकार के साथ सकारात्मक समन्वय में काम कर रहा है और समस्या का समाधान जल्द मिलेगा.

ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध है, लेकिन कृषि की विशाल संभावनाओं को भी मनरेगा के माध्यम से सशक्त किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि राज्य के जल–जंगल–जमीन की सुरक्षा में मनरेगा एक अत्यंत प्रभावी अधिकार है और इस दिशा में भी बैठक में आवश्यक कदमों पर चर्चा हुई. बैठक में मंत्री हफिजुल हसन के अलावे विभागीय अधिकारी, परिषद के सदस्य और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे

Read more

Local News