झारखंड में अप्रैल का समापन फुहारों के साथ हुआ। मौसम विभाग ने 4 मई तक आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव आया है जिससे तापमान सामान्य से कम रहने और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक गरज और वर्षा की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।
- अप्रैल के अंतिम सप्ताह में मौसम ने रंग बदला। बादल छाने और तेज हवा संग हल्की बारिश का दौर जारी रहा। बुधवार को सुबह से धूप-छांव के बाद दोपहर से शाम तक गरज-चमक और हल्की वर्षा के साथ अप्रैल की विदाई हो गई।
तेज हवा के साथ गर्जन और वर्षा की गतिविधियां अगले तीन-चार दिनों तक जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने चार मई तक गर्जन व आंधी-बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
पांच और छह को भी कुछ हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने के आसार हैं। इससे तापमान सामान्य से नीचे रहेगा और गर्मी का असर भी कम रहेगा। मौसम में आए बदलाव का कारण पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना है।
कहीं 40 से 50 तो कहीं 50 से 60 किमी प्रति घंटे की गति से आंधी चलने की संभावना
मौसम विभाग से जारी पूर्वानुमान में गुरुवार को अलग-अलग हिस्से में गर्जन और वज्रपात के साथ आंधी चलने की संभावना है। कुछ हिस्से में 40 से 50 तो कहीं 50 से 60 किमी प्रति घंटे की गति से आंधी चल सकती है। दो से चार मई के दौरान भी 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है।
आठ दिनों में सात डिग्री लुढ़का तापमान
बादल छाने और बीच-बीच में हो रही वर्षा से पिछले आठ दिनों में अधिकतम तापमान सात डिग्री नीचे चला गया है। 23 अप्रैल को शहर का अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास पहुंच गया। न्यूनतम तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं आया है।
अगले पांच दिनों का संभावित तापमान
गुरुवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियल, वहीं न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।