Saturday, February 21, 2026

झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग द्वारा तैयारी पूरी का जा रही है.

Share

रांचीः झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहा प्रचार आज शनिवार को शाम 5 बजे समाप्त हो गया. इससे पहले राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न शहरी निकायों में प्रत्याशियों ने जमकर चुनाव प्रचार किया. वहीं सोमवार को होने वाले मतदान को लेकर निर्वाचन आयोग की तैयारी भी पूरी है.

राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान को लेकर तैयारी पूरी होने का दावा किया है. आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने कहा कि चुनाव प्रचार का समय सीमा समाप्त होने के बाद प्रत्याशी डोर टू डोर कैंपेन कर सकते हैं.

23 फरवरी को सुबह सात बजे से होगा मतदान

राज्य के 48 नगर निकाय क्षेत्र में 23 फरवरी यानी सोमवार को सुबह सात बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा. गैरदलीय आधार पर होनेवाले इस चुनाव में 43 लाख 33 हजार 574 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. जिसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 22 लाख 07 हजार 203 हैं जबकि 21 लाख 26 हजार 227 महिला वोटर हैं, थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 144 है. गैरदलीय आधार पर हो रहे इस चुनाव में मतदाता महापौर और पार्षद के लिए मत देंगे. महापौर के लिए पिंक (गुलाबी) और पार्षद के लिए उजला रंग का बैलेट पेपर होगा.

शहरी नगर निकाय क्षेत्र जहां होंगे चुनाव

  • नगर निगम- रांची, हजारीबाग, मेदिनीनगर, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, चास, आदित्यपुर और मानगो निगम क्षेत्र शामिल है.
  • नगर परिषद- गढ़वा, विश्रामपुर, चाईबासा, झुमरी तिलैया, चक्रधरपुर, चतरा, चिरकुंडा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, गुमला, जुगसलाई, कपाली, लोहरदगा, सिमडेगा, मधुपुर, रामगढ़, साहिबगंज, फुसरो और मिहिजाम शामिल है.
  • नगर पंचायत- बंशीधर नगर, मझिआंव, हुसैनाबाद, हरिहरगंज, छतरपुर, लातेहार, कोडरमा, डोमचांच, बड़की सरैया, धनवार, महगामा, राजमहल, बरहरवा, बासुकीनाथ, जामताड़ा, बुंडू, खूंटी, सरायकेला और चाकुलिया नगर पंचायत शामिल क्षेत्र हैं.

1087 वार्डों में 4304 बूथों पर होगा मतदान

राज्य में नगर निकायों की कुल संख्या 48 है जिसमें 09 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं. जहां बैलेट पेपर के जरिए एक ही दिन में मतदान कराये जाएंगे. इन नगर निकायों में 13 ऐसे हैं जहां 2020 से ही चुनाव लंबित है जबकि रांची सहित शेष अन्य नगर निगम एवं निकायों में 2022 से चुनाव लंबित है. इस चुनाव में 1087 वार्डों में 4304 बूथों पर मतदान होगा. इस चुनाव में नोटा का इस्तेमाल नहीं होगा.

आयोग ने मतदान के लिए मतदाताओं का पहचान सुनिश्चित कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी वोटर आईडी के अलावा 12 अन्य सरकारी गैरसरकारी फोटोयुक्त पहचान पत्र को भी मान्यता दी है. राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव ने बताया कि मतदान के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनात की गई है. निर्वाचनकर्मी रविवार शाम तक मतदान केन्द्र पर पहुंच जाएंगे.

अंतिम दिन रांची में हुआ जोरदार प्रचार

रांची नगर निगम के महापौर पद पर खड़ी भाजपा समर्थित रौशनी खलखो ने रोड शो किया. रांची महानगर द्वारा निकाली गई यह मोटरसाइकिल जुलूस हरमू मैदान से निकलकर बिरसा चौक, हिनू, मेन रोड फिराया लाल, लालपुर, कचहरी चौक होते हुए रातू रोड ओटीसी मैदान में समाप्त हुई. इस अवसर पर मेयर प्रत्याशी रौशनी खलखो, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ रांची के विधायक सीपी सिंह रांची महानगर के अध्यक्ष वरुण साहू, संजीव विजय वर्गीय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

वहीं कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी रमा खलखो और जेएमएम समर्थित प्रत्याशी सुजीत विजय आनंद कुजूर ने भी अंतिम दिन जमकर चुनाव प्रचार करते नजर आए. चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद अब प्रत्याशियों के द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कैंपेन किया जाएगा.

Read more

Local News