झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जा रही है. प्रदेश में मतदान कराने को लेकर जिला के साथ साथ पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है. वोटिंग के दिन सुरक्षा कैसी रहेगी, इस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला.
मतदान दिवस 23 फरवरी को पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. जिसको लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष दल का गठन किया गया है. जिससे की मतदान के दौरान आचार संहिता का विशेष ख्याल रखा जा सके. सुरक्षा की दृष्टि से निकाय चुनाव को तीन जोन में बांटा गया है. जिसमें सामान्य, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र शामिल है.
बोकारो के चास डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह ने जानकारी दी कि मतदान के दिन चास नगर निगम क्षेत्र का प्रमुख प्रवेश मार्ग गरगा पुल सील रहेगा. यह निर्णय निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है. निगम क्षेत्र में डीएसपी प्रवीण सिंह के नेतृत्व में घूम कर लोगों को निर्भीक होकर वोट देने का भी अपील किया जा रहा है.
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि बीएस सिटी क्षेत्र से मतदान दिवस पर गरगा पुल के रास्ते केवल मतदाताओं को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी. मतदाताओं को अपना पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा. बिना वैध कारण या पहचान के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी. सुरक्षा बलों द्वारा सघन जांच की जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी.
बड़े वाहनों की भी रहेगी नो-इंट्री
मतदान प्रक्रिया को प्रभावित होने से बचाने के लिए बड़े व्यावसायिक वाहनों, भारी मालवाहक ट्रकों और अनावश्यक यातायात पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही प्रशासनिक अनुमति के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा. यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है और संबंधित क्षेत्रों में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी.
निकाय चुनाव को लेकर चिरकुंडा में अलर्ट, पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
23 फरवरी होने वाले निकाय चुनाव को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. इस बीच क्षेत्र में चुनावी सुरक्षा को लेकर निरसा एसडीपीओ रजत मणिक बाखला के नेतृत्व में फ्लैग मार्च किया गया. क्षेत्र के संवेदनशील क्षेत्रों में भी सुरक्षा का खास ध्यान रखा जा रहा है. मतदान के दौरान कोई भी असामाजिक तत्वों के जरिए क्षेत्र के शांति और सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करता है तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को देने की बात कही है. ताकि ऐसे लोगों के लिए खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर सके.
निरसा एसडीपीओ रजत मणिक बाखला ने बताया कि 23 फरवरी को मतदाता निर्भीक होकर अपने मत का प्रयोग कर सके, इसके लिए निरसा पुलिस पूरी तरह से तैयार है. शनिवार को चिरकुंडा शहरी क्षेत्रों के हर वार्डो में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च किया गया. अक्सर चुनाव के दौरान समाज में अफवाहों या असंवेदनशील बातों को बढ़ावा दिया जाता है, जिसे रोकने के लिए अलग-अलग थाना ओपी क्षेत्रों की पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च किया जा रहा है. फ्लैग मार्च करने से असामाजिक तत्वों को बढ़ावा देने वाले लोगों के मन में कानून का डर बना रहता है और लोग शांतिपूर्वक मतदान कर पाते हैं.


