Wednesday, March 18, 2026

झारखंड में ठंड का प्रकोप जारी है, 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी.

Share

रांचीः झारखंड में सर्दी सताने लगी है. धूप के छंटते ही सिहरन महसूस की जा रही है. रांची का न्यूनतम पारा बुधवार की तुलना में थोड़ा जरूर ऊपर गया है, फिर भी न्यूनतम पारा 6.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है. राज्य में कुल नौ जिले ऐसे हैं, जहां पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया है. खास बात है कि अधिकतम तापमान में भी कमी दर्ज हुई है. पिछले 24 घंटे में चाईबासा में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है.

आठ जिलों ने ओढ़ी घने कोहरे की चादर

मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक झारखंड के आठ जिले ऐसे हैं, जहां सुबह के वक्त घना कोहरा देखने को मिल रहा है. इनमें गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह और देवघर जिला शामिल हैं. इन जिलों में विजिबिलिटी कम होने की वजह से गाड़ियां चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. मौसम केंद्र ने घना कोहरा देखते हुए आठ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

JHARKHAND WEATHER

डाल्टनगंज में विजिबिलिटी 150 मीटर पर पहुंच गई है. वहीं देवघर की विजिबिलिटी 200 मीटर रिकॉर्ड हुई है. रांची में कम विजिबिलिटी और ऑपरेशनल कारणों की वजह से इंडिगो की 20 फ्लाइट 18 नवंबर को विलंब से पहुंची. एयर इंडिया की भी 9 फ्लाइट विलंब से आई हैं. इसके अलावा कुल तीन विमान को ऑपरेशनल कारणों से रद्द कर दिया गया.

नौ जिलों में न्यूनतम पारा 10 डिग्री से नीचे

राज्य के नौ जिले और शहर जहां न्यूनतम पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया है, उनमें रांची, डाल्टनगंज, कोडरमा, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा और सिमडेगा जिला शामिल है. रांची के बाद सबसे कम तापमान गुमला में 6.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है. इसके अलावा खूंटी में 7.6 डिग्री, लोहरदगा में 7.6 डिग्री, हजारीबाग में 8.6 डिग्री, लातेहार में 8.7 डिग्री, सिमडेगा में 9.1 डिग्री, कोडरमा में 9.3 डिग्री और डाल्टनगंज में 9.8 डिग्री पर पारा पहुंच गया है.

11 जिलों का अधिकतम पारा लुढ़का

मौसम केंद्र, रांची की ओर से 19 दिसंबर की सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में लातेहार ऐसा जिला है, जहां अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री पर पहुंच गया है. इसकी वजह से धूप में भी ठंड का एहसास हो रहा है. इसके अलावा 10 जिले ऐसे हैं जहां का अधिकतम पारा 25 डिग्री से नीचे और 22.2 डिग्री तक रिकॉर्ड हुआ है. इनमें रांची, डाल्टनगंज, बोकारो, कोडरमा, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, लोहरदगा, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिला शामिल हैं.

Read more

Local News