Saturday, May 3, 2025

झारखंड में जाति जनगणना से OBC वोटर को साधने में जुटेगी भाजपा, निकाय चुनाव पर होगा फोकस

Share

झारखंड में जाति जनगणना के फैसले के बाद भाजपा ओबीसी समुदाय के बीच अपनी पैठ बढ़ाने की तैयारी में है। पार्टी नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा जातिगत जनगणना के लाभों को ओबीसी समुदाय तक पहुंचाने का प्रयास करेगी। कुड़मी आदिवासी और यादव जैसी बड़ी ओबीसी जातियों का समर्थन प्राप्त कर भाजपा आगामी चुनावों में लाभ उठाने की कोशिश करेगी।

 भारतीय जनता पार्टी के लिए राज्य में जातिगत जनगणना के फैसले से सामाजिक समीकरण साधने का नया अवसर सामने आया है। झामुमो-कांग्रेस गठजोड़ के पास आदिवासी और मुस्लिम मतों का बड़ा हिस्सा है।

भाजपा अब ओबीसी समुदाय को नरेन्द्र मोदी सरकार के जातिगत जनगणना के लाभ से परिचित कराएगी। राज्य में कुड़मी, आदिवासी, यादव जैसे बड़े ओबीसी जातियों का अगर समर्थन मिलता है तो यह भाजपा की चुनावी रणनीति के लिए फायदेमंद हो सकता है।

ओबीसी समुदाय के अलावा दलितों को भी भाजपा बाबा साहब आंबेडकर के प्रति पार्टी की नीतियों से प्रभावित करने में लगी है। लेकिन इस अभियान को शालीनता से चलाया जाएगा।

पार्टी का मानना है कि पारंपरिक तौर पर अपने वोट बैंक रहे सामान्य समुदाय को नाराज किए बगैर ओबीसी-दलित समुदाय को जातिगत जनगणना के लाभ की जानकारी दी जाए। केंद्र के स्तर से इसके लिए निर्देश की प्रतीक्षा की जा रही है।

स्थानीय निकाय चुनाव में भी लाभ लेने की होगी कोशिश

राज्य में इस साल स्थानीय निकायों के चुनाव होने हैं। ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा लगातार राज्य सरकार को घेरती रही है। अब जातिगत जनगणना के निर्णय को लेकर पार्टी स्थानीय निकाय चुनावों में जाएगी।

हाल के दिनों में कुड़मी समुदाय का बड़ा हिस्सा भाजपा गठबंधन से छिटका है। इसकी वजह से विधानसभा चुनाव में पार्टी को खासा नुकसान हुआ। नए राजनीतिक निर्णय से पार्टी को निकाय चुनाव में बढ़त की उम्मीद है।

भाजपा प्रदेश ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष अमरदीप यादव का कहना है कि उनकी पार्टी हमेशा लोगों की आकांक्षा को पूरा करती है। सभी समुदाय को सशक्त करने में यह निर्णय उपयोगी होगा।

Read more

Local News