रांचीः झारखंड में 9 अप्रैल को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है. मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. खासकर पूर्वी और निकटवर्ती मध्य झारखंड के इलाकों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा, जहां गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
इन जिलों पर दिखेगा असर
मौसम केंद्र, रांची ने 9 अप्रैल के लिए अलर्ट भी जारी किया है. पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां समेत आसपास के जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की आशंका जताई गई है. वहीं रांची, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका और गोड्डा जैसे जिलों में भी गरज के साथ तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है.

10 अप्रैल से बढ़ने लगेगा तापमान
मौसम केंद्र के अनुसार यह बदलाव अस्थायी है और 10 अप्रैल से मौसम में सुधार देखने को मिलेगा. 10 अप्रैल के बाद राज्य में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा और मौसम शुष्क हो जाएगा. 10 से 14 अप्रैल के बीच बारिश की गतिविधियां थम जाएंगी और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी.
अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का अनुमान है. मौसम केंद्र, रांची ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की गई है.

प्रमुख शहरों के तापमान का हाल
रांची स्थित मौसम केंद्र द्वारा जारी ताजा रिपोर्ट के मुताबिक राज्य के प्रमुख शहरों में पिछले 24 घंटे के दौरान तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया. कई जगहों पर हल्की बारिश और मौसम में ठंडक का असर साफ दिखा. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री रहा. वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम 20.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से कम है.
सरायकेला सबसे ज्यादा गर्म
डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम 20.2 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि बोकारो थर्मल में अधिकतम 28.2 डिग्री और न्यूनतम 19.1 डिग्री रहा. चाईबासा में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री दर्ज किया गया. जबकि यहां का न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री रहा.
राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान सरायकेला में 36.3 डिग्री दर्ज किया गया. जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान नामकुम, रांची में 14.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो ठंडक का संकेत देता है. तापमान में गिरावट के साथ कई जिलों में बारिश भी दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और आंशिक बादल व हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है


