रांचीः झारखंड में गर्मी अब तेजी से तेवर दिखाने लगी है. राज्य के अलग-अलग हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान तापमान में स्पष्ट बढ़ोतरी दर्ज की गई है. मौसम केंद्र, रांची के ताजा आंकड़ों के अनुसार कई शहरों में पारा सामान्य के आसपास या उससे ऊपर पहुंच गया है, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास बढ़ने लगा है. खास बात है कि पिछले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 5 डिग्री का इजाफा रिकॉर्ड हुआ है.
जमशेदपुर का पारा 39 डिग्री पहुंचा
सबसे ज्यादा गर्मी पलामू प्रमंडल के डाल्टनगंज में रिकॉर्ड की गई, जहां अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. यह राज्य में बीते 24 घंटे का सबसे अधिक तापमान रहा. वहीं, जमशेदपुर भी पीछे नहीं रहा, यहां पारा 39.0 डिग्री तक दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम होने के बावजूद लगातार बढ़त दिखा रहा है.

रांची में अभी भी है थोड़ी राहत
राजधानी रांची की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम है, लेकिन पिछले 24 घंटे में इसमें 2.8 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है. बोकारो में अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री और चाईबासा में 36.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. न्यूनतम तापमान की बात करें तो गुमला में सबसे कम 16.8 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे यहां सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी हुई है. रांची में न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री और जमशेदपुर में 24.7 डिग्री दर्ज किया गया.
प्रमुख शहरों के तापमान में 2 से 3 डिग्री का इजाफा
अगर पूरे राज्य की तस्वीर देखें तो लगभग सभी प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई है. खासतौर पर डाल्टनगंज, जमशेदपुर और बोकारो जैसे इलाकों में गर्मी तेजी से बढ़ रही है. वहीं, चाईबासा में तापमान में स्थिरता देखने को मिली.
बारिश की बात करें तो पिछले 24 घंटे में राज्य के किसी भी हिस्से में वर्षा दर्ज नहीं की गई है, जिससे गर्मी का असर और ज्यादा महसूस किया जा रहा है. मौसम केंद्र, रांची का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है. साफ आसमान और तेज धूप के कारण दिन के समय गर्मी और अधिक बढ़ेगी. जबकि सुबह और रात के तापमान में भी धीरे-धीरे इजाफा होगा.


