Monday, March 23, 2026

झारखंड में खेल महोत्सव के अंतिम दिन खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया.

Share

रांची: राजधानी रांची में आयोजित तीन दिवसीय खेल महोत्सव का रविवार को मोरहाबादी स्थित हॉकी स्टेडियम में भव्य समापन हुआ. इस महोत्सव में राज्यभर से हजारों खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. खास बात यह रही कि झारखंड के सभी जिलों के खिलाड़ियों की भागीदारी दिखी. खिलाड़ियों ने फुटबॉल, हॉकी, आर्चरी, बैडमिंटन जैसे लोकप्रिय खेलों में अपना हुनर दिखाया. वहीं स्वदेशी पारंपरिक खेलों में भी दमदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि झारखंड की खेल प्रतिभा हर क्षेत्र में समृद्ध है.

इस महोत्सव में झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी (JSSPS) से जुड़े प्रशिक्षु खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. डे बोर्डिंग के खिलाड़ियों ने भी खेल मैदान में अपनी क्षमता और संघर्षशीलता से सबको प्रभावित किया. चाहे फुटबॉल हो या तीरंदाजी, हर जगह खिलाड़ियों का जज्बा देखने लायक था. दर्शकों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और तालियों से उनका स्वागत किया.

इस महोत्सव की सबसे खास बात यह रही कि इसमें केवल खेल ही नहीं बल्कि चित्रकला, वाद-विवाद और भाषण प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों का भी आयोजन किया गया. इन आयोजनों में स्कूली बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. इससे बच्चों में न केवल प्रतिस्पर्धा की भावना जगी, बल्कि कला और अभिव्यक्ति को भी एक नया मंच मिला.

समापन समारोह के मौके पर राज्य के खेल सचिव मनोज कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे.साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त खिलाड़ी खली दशक और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शेखर जमुवार ने भी कार्यक्रम में शिरकत की. उन्होंने खिलाड़ियों को सम्मानित किया और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया.

इस मौके पर खेल सचिव मनोज कुमार ने कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा है. सरकार लगातार खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और खिलाड़ियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने पर काम कर रही है. इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच प्रदान करते हैं.

समापन समारोह पर राष्ट्रीय खिलाड़ी शेखर जमुवार ने कहा कि यह खेल महोत्सव झारखंड की खेल संस्कृति को नई दिशा देने वाला है. यह आयोजन पूरी तरह से केंद्रीय गाइडलाइन के तहत हुआ और खिलाड़ियों ने जिस तरह बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, वह राज्य के लिए गर्व की बात है. प्रशिक्षकों ने भी खिलाड़ियों को तैयार करने में भरपूर मेहनत की है, जिसका परिणाम खेल मैदान पर साफ दिखा.

तीन दिनों तक चले इस खेल महोत्सव ने साबित कर दिया कि झारखंड की धरती प्रतिभाओं से भरी हुई है. यहां के युवा खिलाड़ी न केवल राष्ट्रीय स्तर पर, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं. फुटबॉल, हॉकी और आर्चरी जैसे खेलों में झारखंड पहले से ही अपनी छाप छोड़ चुका है और इस आयोजन ने उस परंपरा को और मजबूत किया है.

महोत्सव का यह भव्य आयोजन खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव बन गया. विजेता खिलाड़ियों और प्रतिभागियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी. अंत में सभी ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में ऐसे आयोजन लगातार होते रहेंगे और झारखंड के खिलाड़ी विश्व पटल पर और चमकेंगे.

Read more

Local News