झारखंड में कुछ खास बदलाव के साथ मौसम ठंडा बना हुआ है. राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह के वक्त हल्का कोहरा रहने के साथ दोपहर में धूप निकल रही है. वहीं, शाम को गुलाबी ठंड महसूस हो रही है. आज राज्य के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान लगभग 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच है, जिसमें गुमला का न्यूनतम तापमान करीब 10.5 डिग्री जबकि रांची का न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज है. इसके अलावा लोहरदगा में 11.3, लातेहार में 11.6 और डाल्टनगंज में 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है. शेष सभी जिलों का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री से 15 डिग्री के बीच है.
सबसे ज्यादा ठंड गुमला, कांके और नामकुम जैसे इलाकों में महसूस की जा रही है. जहां तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच दर्ज हो रहा है. आने वाले कुछ दिनों में बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं आ रही हैं, जिससे 29 नवंबर के बाद हल्की बारिश की संभावना है और तापमान में कुछ गिरावट भी हो सकती है.

मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक अगले चार-पांच दिन तक सुबह-शाम कोहरे और आंशिक बादल बने रहेंगे, जिससे मौसम ठंडा और शुष्क बना रहेगा. झारखंड में ठंड पड़ने की मुख्य वजह उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाओं का राज्य में आना और पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव रहना है, जो शीतलहर और तापमान में गिरावट का कारण बनता है. इसके अलावा हाल ही में आए चक्रवात का असर कम होने और बादलों के छंटने से भी ठंड बढ़ रही है. ठंड से बचने के लिए कई प्रकार के सावधानी और उपाय किए जा सकते हैं.
ठंड से बचने के उपाय
सबसे पहले गर्म कपड़े पहनें, जिनमें थर्मल कपड़े, ऊनी जैकेट, दस्ताने, टोपी, और मफलर शामिल हों. अपने सिर, हाथों और पैरों को ढककर रखें ताकि शरीर में गर्मी बनी रहे. पौष्टिक और गर्म आहार लें, जिससे शरीर को ऊर्जा मिले और ठंड से लड़ने की ताकत बनी रहे. हाथ-पैर साफ व सुखाए रखें और ज्यादा बाहर न निकलें, खासकर ठंडी हवाओं में.
सुबह और शाम के समय कोहरे में वाहन चलाते समय सावधानी बरतें. झारखंड में आने वाले दिनों के लिए तापमान थोड़ा गिरने की संभावना के साथ ठंड बढ़ेगी, खासकर उत्तरी और पश्चिमी जिलों में ठंडी हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड अनुभव की जाएगी. लोग सावधान और गर्म कपड़ों के साथ खुद को ठंड से सुरक्षित रखें.


