रांची: झारखंड कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में शनिवार को संवाददाता सम्मेलन कर प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने 45 दिवसीय ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ कार्यक्रम शेड्यूल की घोषणा की. संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर और रांची महानगर अध्यक्ष कुमार राजा भी उपस्थित रहे.
रांची महानगर अध्यक्ष कुमार राजा ने कहा कि भाजपा के लोगों को गोडसे से प्रेम है. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को ये लोग कभी-कभी मजबूरी या गलती से मान सम्मान देते हैं. उन्होंने कहा कि ये लोग (बीजेपी) गांधी के विचारों को मारना चाहते है. लेकिन हम कांग्रेसी ऐसा होने नहीं देंगे. कुमार राजा ने कहा कि झारखंड में बड़ी संख्या में मनरेगा मजदूर है. मनरेगा से यहां की महिला पलायन से बच रही थी. मनरेगा से कई विकास के कार्य हुए. मनरेगा मजदूरों का आत्मसम्मान था.
कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर ने कहा कि मनरेगा की आत्मा को मार दिया गया है. राज्य सरकारों पे बोझ बढ़ाया जा रहा है. झारखंड के पुराने पैसे केंद्र सरकार नही दे रही है. अब भाजपा सरकार ने राज्यों पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है. शहजादा अनवर ने कहा कि भाजपा झूठ का यह भ्रम फैला रही है कि वह 125 दिन की गारंटी दे रही है, जबकि यह जुमला है.
रविवार से मनरेगा बचाओ संघर्ष की शुरुआत
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि 11 जनवरी से राज्य के सभी जिला मुख्यालय पर कांग्रेस का उपवास कार्यक्रम होगा. 12 से 29 जनवरी को पंचायत में नुक्कड़ सभा और अभियान के तहत प्रदर्शन होगा. 30 जनवरी को वार्ड स्तर पर धरना होगा. 31 जनवरी से 6 फरवरी तक सभी जिला मुख्यालय में धरना का कार्यक्रम होगा. 7 फरवरी से 15 फरवरी के बीच विधानसभा और राजभवन का घेराव होगा. उसके बाद देश के रिजनवाईज कार्यक्रम होंगे.


