Wednesday, June 4, 2025

 झारखंड में अब परेशान करेगी भीषण गर्मी, रांची समेत 5 जिलों में दिखेगा सबसे ज्यादा लू का असर!

Share

रांची झारखंड में मानसून के आने में अभी और देरी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5-6 दिनों तक मानसून के प्रवेश की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में वृद्धि होगी। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण मानसून की चाल धीमी हो गई है। जून के पहले सप्ताह में तेज गर्मी पड़ने की आशंका है

रांची। झारखंड में मानसून के आने का इंतजार अभी और लंबा हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 से 6 दिनों तक राज्य में मानसून के प्रवेश की संभावना नहीं है। इस दौरान मौसम साफ और शुष्क रहेगा, जबकि तापमान में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पहले जो परिस्थितियां झारखंड में मानसून के अनुकूल बन रही थीं, अब वे बदल गई हैं। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण क्षेत्र की दिशा बदल जाने से मानसून की चाल धीमी हो गई है। वहीं बदलते मौसम का असर राजधानी में भी देखने को मिलेगा, यहां अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी हो सकती है।

जून की शुरुआत में पड़ेगी तेज गर्मी, फिर मिलेगी राहत

मौसम विभाग का अनुमान है कि जून के पहले सप्ताह में राज्य में भीषण गर्मी पड़ सकती है। हालांकि, इसके बाद अच्छी बारिश के आसार हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। फिलहाल मानसून ने ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, असम और सिक्किम जैसे राज्यों में दस्तक दे दी है।

अब यह पश्चिम बंगाल और बिहार होते हुए झारखंड की ओर बढ़ेगा। हालांकि, राज्यवासियों को इसके लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे दिन में उमस भरी गर्मी महसूस होगी। हालांकि, संताल परगना के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

कहां कितनी गर्मी

  • मेदिनीनगर: 36.0 डिग्री
  • चाईबासा: 35.8 डिग्री
  • पाकुड़: 35.5 डिग्री
  • रांची: 33.8 डिग्री
  • जमशेदपुर: 33.8 डिग्री

Read more

Local News