झारखंड निकाय चुनाव प्रचार का आज यानि शनिवार को आखिरी दिन है. शाम पांच बजे के बाद से चुनाव प्रचार थम गया है. लेकिन सभी प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्र में अंतिम समय तक अपनी पूरा ताकत झोंक दी. इसके अलावा पार्टी समर्थित उम्मीदवार के लिए भी अलग अलग पार्टी ने प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर के नेता चुनाव प्रचार में जुटे नजर आए.
धनबाद नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए 29 प्रत्याशी मैदान में हैं. चुनावी शोर के बीच जहां कई उम्मीदवार गाड़ियों के काफिले और समर्थकों की भीड़ के साथ प्रचार किया, वहीं एक प्रत्याशी सादगी और अनोखे अंदाज से लोगों का ध्यान खींचा. मेयर प्रत्याशी कुसुम देवी अपने बेटे के साथ बाइक से प्रचार किया. उनका बेटा विसिल बजाकर लोगों से वोट मांगा.
अनोखा चुनाव प्रचार
कुसुम देवी के बेटे पिंटू गुप्ता का प्रचार करने का अंदाज सबसे अलग दिखाई दिया. हाथ में झंडा, पंपलेट और सीटी लेकर वह अकेले चौराहों और बाजारों में पहुंच जाते. राह चलते लोगों को रोकते, पंपलेट थमाते और व्हिसिल बजाकर चुनाव चिन्ह की ओर ध्यान दिलाते दिखाई दिए. दुकानों में जाकर दुकानदारों और ग्राहकों से भी वोट देने की अपील करते नजर आए.
पिंटू गुप्ता 2019 और 2024 के विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं. उस दौरान भी उन्होंने इसी तरह विसिल बजाकर प्रचार किया था. उनका कहना है कि भीड़ जुटाने से ज्यादा जरूरी लोगों से सीधे संवाद करना हैं. यही वजह है कि वह अकेले ही हर वार्ड में जाकर प्रचार किया. स्थानीय द्वारिका चौहान कहते हैं कि इनका प्रचार करने का तरीका अलग है. लड़का अकेले सीटी बजाकर लोगों से वोट मांग रहा है.
बीजेपी सांसद ने पाकुड़ में किया चुनाव प्रचार
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कई प्रत्याशियों ने पदयात्रा निकालकर अपनी ताकत दिखाने का काम किया. बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे पार्टी समर्थित प्रत्याशी सम्पा साहा के समर्थन में आयोजित पदयात्रा में भाग लेकर कार्यकर्ताओं समर्थकों में जोश भरा. इसके अलावा अध्यक्ष पद की प्रत्याशी सबरी पाल और पूनम देवी के अलावा वामपंथी समर्थक मुकुल भट्टाचार्य ने अपने समर्थकों के साथ चुनावी रैली निकाली और मतदाताओं से जिताने की अपील की. चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शहरी क्षेत्र के 21 वार्डो में वार्ड पार्षद प्रत्याशियों ने भी पूरी ताकत के साथ अपने चुनाव चिन्ह के साथ प्रचार किया.
चास नगर निगम पहुंचीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्ण देवी
चास नगर निगम से बीजेपी समर्थित मेयर प्रत्याशी अविनाश कुमार के पक्ष में रोड शो करने केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी पहुंचीं. जहां उन्होंने रोड शो के माध्यम से लोगों से प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की. इस दौरान उनके साथ पूर्व विधायक अमर बाउरी, बिरांची नारायण, नगर निगम चुनाव प्रभारी लक्ष्मण सिंह सहित कई नेता मौजूद रहे. मीडिया से बात करते हुए प्रत्याशी अविनाश कुमार ने कहा कि मेरे पांच वर्षों के डिप्टी मेयर रहते सेवा और ईमानदारी का फल जनता मुझे प्यार और समर्थन देकर कर रही है.


