रांची: झारखंड जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की कमान एक बार फिर खीरू महतो को सौंपी गई है. राज्यसभा सांसद खीरू महतो तीसरी बार झारखंड जदयू के प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं. उनका निर्वाचन आज प्रदेश कार्यालय में निर्विरोध हुआ.
सर्वसम्मति से लिया गया फैसला
सांगठनिक चुनाव प्रभारी श्रवण कुमार की मौजूदगी में पार्टी नेताओं ने सर्वसम्मति से खीरू महतो को एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष बनाने का निर्णय लिया. निर्वाचन के बाद पार्टी द्वारा नियुक्त राज्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रवण कुमार ने खीरू महतो को प्रमाण-पत्र प्रदान किया.
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष के साथ एक दर्जन से अधिक जिला अध्यक्षों तथा प्रत्येक विधानसभा से राज्य परिषद सदस्यों का भी निर्वाचन हुआ. निर्वाचन के पश्चात कार्यकर्ताओं ने खीरू महतो को बधाई दी और उनका जोरदार अभिनंदन किया. खीरू महतो ने पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया.
संगठन मजबूती, सदस्यता अभियान पर जोर: खीरू महतो
प्रदेश अध्यक्ष पद संभालने के बाद खीरू महतो ने कहा कि जिन जिलों में सदस्यता अभियान पूरा नहीं हुआ है, वहां जिला अध्यक्षों का निर्वाचन जल्द पूरा कर लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि संसद के बजट सत्र समाप्त होने के बाद संगठन विस्तार किया जाएगा.
इस बार काम करने वाले कार्यकर्ताओं को कमेटी में जगह दी जाएगी और प्रदेश कमेटी को छोटा रखा जाएगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि नीतीश कुमार पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं, उनके निर्णय का सम्मान करें तथा झारखंड में पार्टी को मजबूत करने के लिए दिन-रात मेहनत करें.
नवनिर्वाचित प्रमुख जिला अध्यक्ष
निर्वाचन में चुने गए कुछ प्रमुख जिला अध्यक्ष इस प्रकार हैं:
- रांची: तेतरा महतो
- धनबाद: पिंटू सिंह
- गोड्डा: चंद्रधर सिंह चुन्नू
- पाकुड़: गौतम मंडल
- हजारीबाग: प्रभुदयाल महतो
- रामगढ़: ज्योतिंद्र साहू
- बोकारो: प्रदीप महतो
- चतरा: रामाशीष डांगी
- पलामू: मनोज दुबे
- जमशेदपुर: सुबोध श्रीवास्तव
- साहिबगंज: सुनील सिन्हा
- दुमका: उदय सिंह
- सिमडेगा: सुनील नायक
- कोडरमा: कृष्णा सिंह घटवार
- जमशेदपुर महानगर: अजय कुमार
- रांची महानगर: अखिलेश राय
नेताओं ने दी बधाई
खीरू महतो को पुनः अध्यक्ष बनने पर जदयू नेता डॉ. आफताब जमील, भगवान सिंह, सागर कुमार सहित अन्य नेताओं ने बधाई देते हुए उनका अभिनंदन किया.


