झारखंड लोक सेवा आयोग ने राज्य के सात राजकीय विश्वविद्यालयों के लिए रजिस्ट्रार पदों पर नियुक्ति की घोषणा की है। बसंत कुमार झा रांची विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार चुने गए हैं जबकि अन्य विश्वविद्यालयों में भी नए रजिस्ट्रार नियुक्त किए गए हैं। वित्त पदाधिकारी और परीक्षा नियंत्रक के पदों के लिए विज्ञापन रद्द कर दिया गया है और अब नए विज्ञापन जारी किए जाएंगे।
रांची। राज्य के सात राजकीय विश्वविद्यालयों को लंबे समय बाद रजिस्ट्रार मिल गए हैं। झारखंड लोक सेवा आयोग ने गुरुवार को इन पदाें पर नियुक्ति के लिए 29 मई को आयोजित साक्षात्कार का परिणाम जारी कर दिया। इसी के साथ आयोग ने नियुक्ति की अनुशंसा संबंधित विश्वविद्यालयों को कर दिया।
जेपीएससी द्वारा जारी किए गए परिणाम के अनुसार, बसंत कुमार झा रांची विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार पद के लिए चयनित किए गए हैं।
इसी तरह, विमल कुमार मिश्रा हजारीबाग स्थित विनोबा भावे विश्वविद्यालय, राधानाथ त्रिपाठी धनबाद स्थित विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय, कुमारी अंजना जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय, नफीस अहमद पलामू स्थित नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय, विक्रम शर्मा कोल्हान विश्वविद्यालय तथा राजीव रंजन शर्मा सिदो कान्हू विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार पद के लिए चयनित हुए हैं।
राजीव रंजन शर्मा रांची के मारवाड़ी कॉलेज के प्रोफेसर इंचार्ज हैं। बताते चलें कि आयोग ने इन पदाें पर नियुक्ति के लिए 21 सितंबर 2023 को ही विज्ञापन जारी कर आवेदन मंगाए थे।
आयोग ने इन विश्वविद्यालयों में वित्त पदाधिकारी तथा परीक्षा नियंत्रक के लिए कम संख्या में योग्य अभ्यर्थी मिलने के कारण विज्ञापन रद कर दिया है। अब इन पदों के लिए नए सिरे से विज्ञापन जारी किया जाएगा।