Saturday, February 28, 2026

झारखंड के होनहार युवा शतरंज खिलाड़ी अधिराज मित्रा ने शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की.

Share

रांचीः झारखंड के होनहार युवा शतरंज खिलाड़ी अधिराज मित्रा ने शनिवार कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की. अधिराज मित्रा ने हाल ही में मलेशिया में आयोजित राष्ट्रमंडल शतरंज चैंपियनशिप 2025 में अंडर-14 वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य और देश का नाम रोशन किया है.

सीएम के साथ साझा किया अनुभव

मुलाकात के दौरान अधिराज ने मुख्यमंत्री को 7 से 16 नवंबर 2025 तक मलेशिया में चली प्रतियोगिता के अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतिस्पर्धा में राष्ट्रमंडल देशों के कई शीर्ष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जहां कड़े मुकाबलों के बीच उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया.

सीएम ने हर सहयोग का दिलाया भरोसा

अधिराज ने मुख्यमंत्री को यह भी जानकारी दी कि वे जमशेदपुर स्थित लोयला स्कूल में कक्षा आठवीं के छात्र हैं. कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता को उन्होंने अपने परिवार और कोच के सहयोग का परिणाम बताया.

मुख्यमंत्री ने अधिराज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिराज मित्रा को इस बड़ी उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी. उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों में खेल के प्रति गजब का जज्बा और प्रतिभा है. राज्य के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर झारखंड का गौरव बढ़ा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने अधिराज के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया. इस मौके पर कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं.

बता दें कि अधिराज मित्रा कम उम्र से ही शतरंज में सक्रिय हैं और विभिन्न राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं. वे नियमित रूप से रेटेड टूर्नामेंट में भाग लेते हैं और तकनीकी व रणनीतिक खेल के लिए पहचाने जाते हैं. उनके कोच अभिषेक दास के मार्गदर्शन में अधिराज लगातार अपने खेल को निखार रहे हैं.

Read more

Local News