धनबादः शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) का आज शुक्रवार को झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने निरीक्षण किया. इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने इसे अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में महत्वपूर्ण संकेत दिए.
शुक्रवार को मुख्य सचिव अविनाश कुमार एसएनएमएमसीएच धनबाद पहुंचे. जहां उन्होंने पीजी बिल्डिंग 1, 2 और 3 के साथ-साथ इमरजेंसी वार्ड सहित अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण किया. इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं, संसाधनों और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की.
इस निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि झारखंड के सभी मेडिकल कॉलेज बेहतर सुविधाओं से लैस हों. उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे.
उन्होंने अस्पताल को स्टेट ऑफ द आर्ट बनाने की दिशा में कई पहलुओं पर विचार किया. इसमें मरीजों की बढ़ती संख्या का बेहतर प्रबंधन, डॉक्टरों और फैकल्टी की उपलब्धता, अस्पताल परिसर की भूमि का समुचित उपयोग और पुरानी एवं नई बिल्डिंग को जोड़ने के लिए सुगम मार्ग विकसित करने जैसे बिंदु शामिल हैं.
मुख्य सचिव ने भरोसा दिलाया कि अस्पताल की सभी कमियों को दूर किया जाएगा और बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा. उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों से लगातार बातचीत कर ठोस और प्रभावी निर्णय लिए जाएंगे, ताकि एसएनएमएमसीएच को एक आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके.
मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार की कोशिश है कि यहां आने वाले हर मरीज को बेहतर इलाज और सुविधा मिले. हम सभी पहलुओं पर काम कर रहे हैं और जल्द ही सकारात्मक बदलाव नजर आएगा.
इस निरीक्षण के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन, अधीक्षक डॉ. डीके गिन्दोरिया, प्राचार्य डॉ. राम कृष्ण महतो समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. अब देखने वाली बात होगी कि इस निरीक्षण के बाद अस्पताल की व्यवस्था में कितनी तेजी से सुधार होता है.


