रांची समेत झारखंड के उत्तर पूर्वी भाग में बारिश की संभावना है जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के चलते 30 मई से 2 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में वर्षा हो सकती है। मानसून के जल्द आने की खबर से किसानों में खुशी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तापमान में वृद्धि की संभावना जताई है।
राज्य में प्री-मानसून का प्रभाव दिखाई दे रहा है। राजधानी सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में 30 मई से वर्षा, बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी के साथ यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण 30 मई, 31 मई, एक और दो जून तक राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने की संभावना है, जिससे यह राज्य में भी जल्द ही पहुंच सकता है। मानसून के समय से पूर्व आगमन की सूचना से राज्य के किसानों में खुशी का माहौल है।
इन जिलों में बारिश के आसार
गुरुवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर आंशिक बादल छाए रहे, जबकि बीच-बीच में धूप और उमस भी महसूस की गई। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 30 और 31 मई को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
वहीं, एक और दो जून को देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा और साहिबगंज में भी वर्षा की संभावना है। यह स्थिति तीन और चार जून तक बनी रह सकती है।
तापमान में बदलाव की संभावना नहीं
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 1, 2 और 3 जून के बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है
पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई, जिसमें पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला में 32.4 मिमी वर्षा सबसे अधिक रही।
गोड्डा का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस और लातेहार का न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा।