रांची: झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विज्ञान केंद्र, रांची की ओर से जारी ताजा चेतावनी के मुताबिक 24 फरवरी 2026 को राज्य के कई जिलों में वज्रपात के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग की तरफ से संबंधित जिले के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
पूर्वानुमान के अनुसार रांची, हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, रामगढ़ और बोकारो सहित आसपास के इलाकों में गरज के साथ बिजली गिर सकती है. इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है. जिससे झारखंड में फरवरी के अंतिम सप्ताह के साथ ही मौसम में बदलाव साफ तौर पर देखने को मिल रहा है.
राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी धीरे-धीरे इजाफा हो रहा है. राज्य में अधिकतम तापमान चाईबासा में 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक है. वहीं जमशेदपुर में 33.8 डिग्री, बोकारो में 33.1 डिग्री, डालटनगंज में 32.8 डिग्री और रांची में 29 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ है. इन शहरों में दिन के तापमान के सामान्य से 2-5 डिग्री तक ऊपर रहने के कारण दोपहर में गर्मी का असर साफ महसूस किया गया.
न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी
झारखंड में न्यूनतम तापमान की बात करें तो सबसे कम तापमान गुमला में 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं रांची में 14. डिग्री, डालटनगंज में 13.6 डिग्री, बोकारो में 14.5 डिग्री और चाईबासा में 16.4 डिग्री रहा है. हालांकि सुबह और रात में हल्की ठंड बनी हुई है. लेकिन न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है.


