रांचीः झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में 23 और 24 फरवरी को कई इलाकों में हल्की बारिश और गरज के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है. दरअसल, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से लेकर मध्य भारत होते हुए एक ट्रफ लाइन बनी हुई है, जो नमी को झारखंड की ओर खींच रही है, जिससे बादल बन रहे हैं. खास बात है कि 23 फरवरी को झारखंड में नगर निकाय के लिए मतदान होना है.
मौसम विभाग के मुताबिक 23 फरवरी को आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे और दक्षिण-पश्चिमी व आसपास के मध्य भागों में हल्की बारिश हो सकती है. वहीं 24 फरवरी को दक्षिण-पूर्वी और सीमावर्ती मध्य जिलों में गरज के साथ हल्की बारिश के आसार हैं. बारिश के इस दौर में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, हालांकि न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है.=
झारखंड में फरवरी के तीसरे सप्ताह में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है. मौसम केंद्र द्वारा जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार राज्य के कई जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है, जिससे दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है.
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस रहा. तापमान में यह मामूली बढ़ोतरी बदलते मौसम का संकेत मानी जा रही है.
राज्य में सबसे अधिक गर्मी सरायकेला में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं, चाईबासा में भी तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 5 डिग्री अधिक है. यह दर्शाता है कि दक्षिणी झारखंड के इलाकों में गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है.
दूसरी ओर, न्यूनतम तापमान की बात करें तो लोहरदगा राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. डाल्टनगंज और गुमला जैसे जिलों में भी रात का तापमान 13 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे सुबह और देर रात हल्की ठंड महसूस की जा रही है.


