Tuesday, April 7, 2026

झारखंड का मौसम खुशनुमा हुआ है, धूप से गर्माहट महसूस होगी.

Share

रांची: झारखंड में शुक्रवार से अगले कुछ दिनों तक मौसम के साफ और खुशनुमा रहने की संभावना है. इस अवधि में न तो बारिश की उम्मीद है और न ही तेज हवाएं चलने की संभावना है. सुबह के वक्त कोहरे के साथ ठंड महसूस की जा सकती है. लेकिन दोपहर में धूप और हल्की गर्माहट लोगों को राहत देगी. रात का तापमान हल्के से मध्यम स्तर की ठंड का अहसास कराएगा, लेकिन कड़ाके की सर्दी से फिलहाल राहत रहेगी. मौसम केंद्र के मुताबिक सुबह 8.30 बजे तक पूरे राज्य में गुमला का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है.


मौसम केंद्र के मुताबिक रांची, धनबाद, जमशेदपुर जैसे प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 28°C से 31°C के बीच बना रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 12°C से लेकर 16°C तक जा सकता है. बीते कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है. जिसके चलते सर्दी से लोगों को थोड़ी राहत मिली है. अगले पांच दिनों तक तापमान में बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा, सिर्फ 1-2 डिग्री का मामूली उतार-चढ़ाव रहने की संभावना है.

मौसम केंद्र के अनुसार, अगले कुछ दिनों में राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश की संभावना नजर नहीं आ रही है. आसमान साफ रहेगा और अधिकांश जगहों पर दिन में साफ मौसम के साथ हवा भी सामान्य रहेगी. हल्के से मध्यम कोहरा खासकर सुबह के समय झारखंड के कुछ हिस्सों में रह सकता है. जिससे दृश्यता पर असर पड़ सकता है. हालांकि 23 नवंबर से 25 नवंबर के बीच आंशिक बादल देखने को मिल सकते हैं.

रात के तापमान में गिरावट और ठंडी सुबह के कारण वृद्धों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए. मौसमी बदलावा के चलते सर्दी-जुकाम, बुखार और हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों की संख्या बढ़ सकती है. मौसम केंद्र ने सलाह दी है कि सुबह शाम पर्याप्त गरम कपड़े पहनें और स्वास्थ्य का ध्यान रखें. अगले चार-पांच दिनों तक झारखंड के मौसम में संतुलित ठंडक बनी रहेगी. दिन में धूप निकलने से ठंड का असर कम महसूस होगा, जबकि रात के वक्त हल्की ठंड और कोहरे में बढ़ोतरी हो सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार हाल-फिलहाल में किसी भारी बारिश, तेज हवा या वज्रपात जैसी स्थितियों की संभावना नहीं बन रही है. कुल मिलाकर झारखंड में मौसम फिलहाल सुहावना और राहत देने वाला रहेगा. हालांकि आने वाले सप्ताह में तापमान में गिरावट के साथ ठंडक और बढ़ सकती है, इसकी वजह से ठिठुरन और कनकनी की वापसी मुमकिन है.

Table of contents [hide]

Read more

Local News