रांची: झारखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो नगर निकाय चुनाव-2026 में कांग्रेस समर्थित मेयर उम्मीदवार होंगी. रांची महानगर कांग्रेस कमेटी की आज डंगराटोली में हुई बैठक में सर्वसम्मति से रमा खलखो के नाम पर सहमति बनी. बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की की उपस्थिति थे. बैठक की उपलब्धि यह रही कि मेयर चुनाव लड़ने को इच्छुक एक और युवा कांग्रेस नेता शिवा कच्छप ने बड़ा दिल दिखाते हुए रमा खलखो के नाम पर सहमति प्रदान कर दी है. 03 फरवरी को दोपहर बाद रमा खलखो मेयर पद के लिए नामांकन करेंगी.
कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के रूप में झारखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो के नाम पर आम सहमति बनने पर खुशी जताते हुए झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि हर कार्यकर्ता यह संकल्प लें कि हम हर हाल में सभी बूथ जीतेंगे. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष में कहा कि हम कमेटी बनाएंगे, लेकिन चूंकि यह चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है ऐसे में पार्टी का लेटर पैड या झंडा-बैनर का इस्तेमाल न हो इसका ख्याल रखना होगा.
मेयर पद के लिए दो लोगों ने दिया था आवेदन- कुमार राजा
रांची महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष कुमार राजा ने आज की बैठक में लिए गए निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी के दो नेता शिवा कच्छप और रमा खलखो ने रांची मेयर का चुनाव कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के रूप में लड़ने की इच्छा जताते हुए आवेदन दिया था. आज की बैठक में सभी बिंदुओं पर मंथन करने के बाद यह सहमति बनी कि रमा खलखो को कांग्रेस समर्थित मेयर उम्मीदवार बनाया जाए. अच्छी बात यह है कि पार्टी के समर्थन से चुनाव लड़ने को इच्छुक दूसरे उम्मीदवार शिवा कच्छप ने खुद रमा खलखो को कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार बनाने का प्रस्ताव दिया, जिसे सभी ने स्वीकार कर लिया.
पार्टी का सच्चा सिपाही होने का फर्ज निभाया-शिवा कच्छप
इस मौके पर शिवा कच्छप ने कहा कि पार्टी आलाकमान की बात मानते हुए उन्होंने अपनी जगह रमा खलखो का नाम आगे बढ़ाया है. उन्होंने कहा कि पार्टी का सच्चा सिपाही होने और रमा खलखो को बड़ी बहन मानते हुए अब उनकी जीत सुनिश्चित करने में लग जाना है.
रांची की जनता की आवाज बनूंगी-रमा खलखो
रांची की पूर्व में भी मेयर रह चुकीं रमा खलखो ने कांग्रेस समर्थित रांची मेयर उम्मीदवार के रूप में चयन होने के बाद सभी का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उम्मीदवार बनने के लिए खुद रेस में शामिल शिवा कच्छप ने उनका समर्थन किया है. इसके लिए वह उनकी आभारी हैं.
रमा खोलखो की जीत तय हैः सुबोधकांत सहाय
वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता सुबोधकांत सहाय ने कहा कि रांची से हमारे 03-03 विधायक हैं, जिसमें एक राजेश कच्छप विधायक दल के उपनेता हैं तो शिल्पी नेहा तिर्की मंत्री हैं.रांची में हम पहले से भी मजबूत रहे हैं, लेकिन बीच के दिनों में भाजपा के चलते रांची का माहौल खराब हुआ है. हमारी पार्टी के 03-03 विधायक हैं. रांची को हमने चारों तरफ से घेर कर रखा है और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार की जीत तय है. उन्होंने कहा कि इसी रांची से सुंदरी तिर्की को भाजपा के सीने पर चढ़कर जिला परिषद अध्यक्ष बनाया था. उन्होंने कहा कि रमा खलखो सिर्फ हमारी उम्मीदवार ही नहीं हैं, बल्कि भाजपा का घमंड को तोड़ने का नाम है. उन्होंने कहा कि अब वार्ड नहीं, बल्कि “चुनाव में चलो मुहल्ला की ओर” के नारे के साथ घर-घर जाएंगे.

आज की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, विधायक सुरेश बैठा, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद, कृषि विपणन पर्षद के अध्यक्ष रविंद्र सिंह, अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष शमशेर आलम, प्रवक्ता जगदीश साहू, निरंजन पासवान सहित कई नेता उपस्थित थे.


