Monday, March 16, 2026

झारखंड कांग्रेस ने एसआईआर को लेकर ग्रामीण इलाकों में जागरुकता मुहिम शुरू कर दी है.

Share

धनबाद: झारखंड में अप्रैल महीने से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य की शुरुआत होने जा रही है, जिसे 100 दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इस प्रक्रिया के दौरान कई बार त्रुटियों के कारण लोगों का नाम मतदाता सूची से कट जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं. इसी को देखते हुए लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है.

इसी कड़ी में रविवार को पूर्वी टुंडी प्रखंड कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में रूपन पंचायत स्थित सभागार में ब्लॉक जनसंवाद कार्यक्रम एवं एसआईआर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल हुए.

इस अवसर पर एसआईआर के प्रशिक्षक डॉ. संतोष राय ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण से जुड़े तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता का अधिकार सर्वोपरि है, इसलिए मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रियाओं को समझना और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है.

लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. यदि किसी भी प्रकार से मतदाताओं के अधिकारों को कमजोर करने या उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जाता है, तो उसके प्रति जागरूक रहना और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करना हर नागरिक का कर्तव्य है: संतोष कुमार सिंह, जिला अध्यक्ष, कांग्रेस

प्रखंड अध्यक्ष योगेश रजक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से लोकतांत्रिक मूल्यों और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है. उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी तरह की गलत जानकारी या अफवाह से बचने की अपील की.

वहीं जिला सचिव सुदाम भंडारी ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और मतदाता जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े विभिन्न सवाल भी पूछे, जिनका विस्तारपूर्वक समाधान किया गया. अंत में लोकतंत्र को मजबूत बनाने और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया.

कार्यक्रम में धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, एसआईआर के प्रशिक्षक डॉ. संतोष राय, जिला सचिव सुदाम भंडारी, प्रखंड अध्यक्ष योगेश रजक तथा एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल कृष्णा चौधरी मौजूद थे. सभी अतिथियों का स्थानीय कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया

Read more

Local News